आज 22 मार्च है, यानी उस गौरवशाली धरा का जन्मदिन जिसने दुनिया को लोकतंत्र का पहला पाठ पढ़ाया और शून्य की शक्ति से रूबरू कराया. बिहार दिवस के इस खास मौके पर देश के सियासी गलियारों से बधाइयों का तांता लगा हुआ है. क्या दिल्ली, क्या उत्तर प्रदेश और क्या हरियाणा, हर राज्य के दिग्गजों ने बिहार की महानता को सलाम किया है. इस मौके पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बिहार की ऐतिहासिक विरासत को आधुनिक भारत की प्रगति से जोड़कर एक नई तस्वीर पेश की.
‘बिहार हमेशा आगे’: अमित शाह
गृह मंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया के जरिए बिहारवासियों को शुभकामनाएं देते हुए राज्य की उस ‘बौद्धिक विरासत’ को याद किया, जिसने कभी पूरी दुनिया का नेतृत्व किया था. शाह ने अपने पोस्ट में विशेष रूप से नालंदा और विक्रमशिला जैसी महान ज्ञान परंपराओं का जिक्र किया. उन्होंने कहा कि बिहार सिर्फ एक भौगोलिक टुकड़ा नहीं, बल्कि यह ‘सामाजिक न्याय’ और ‘बौद्धिक जागरण’ का सबसे बड़ा प्रतीक है.
समृद्ध संस्कृति, परंपराओं व अनूठी कलाओं के लिए प्रसिद्ध बिहार ने सदैव देश को सामाजिक न्याय व बौद्धिक चेतना का मार्ग दिखाया है। नालंदा और विक्रमशिला की गौरवशाली ज्ञान परंपरा से लेकर स्वतंत्रता संग्राम और आपातकाल तक, बिहार ने हर दौर में भारत निर्माण में अमूल्य योगदान दिया है। आज… pic.twitter.com/L2h90mfqys
— Amit Shah (@AmitShah) March 22, 2026
अमित शाह ने आगे कहा कि प्राचीन काल के महान विश्वविद्यालयों से लेकर देश के स्वतंत्रता संग्राम तक, बिहार के सपूतों ने हमेशा अग्रणी भूमिका निभाई है. उन्होंने भरोसा जताया कि अपनी समृद्ध धरोहर को संजोते हुए बिहार आज प्रगति के नए रास्ते बना रहा है और आने वाले समय में यह राज्य ‘विकसित भारत’ के संकल्प को पूरा करने में रीढ़ की हड्डी साबित होगा.
‘प्रेरणा का स्रोत’: ओम बिरला
संसद के निचले सदन यानी लोकसभा के अध्यक्ष ओम बिरला ने भी बिहार की जनता को इस मौके पर नमन किया. उन्होंने कहा कि बिहार वीरता, विद्या और विरासत की वह त्रिवेणी है, जिसने समय-समय पर पूरे देश को दिशा दिखाने का काम किया है. बिरला ने बिहार के लोगों की ‘संघर्षशीलता’ की तारीफ करते हुए कहा कि यहाँ की संस्कृति और लोगों का जज्बा हर भारतीय के लिए प्रेरणा का स्रोत है. उन्होंने कामना की कि बिहार विकास के नए कीर्तिमान स्थापित करे.
कई नेताओं ने सराहा ‘बिहार मॉडल’
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बिहार को ‘क्रांति की धरती’ बताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में चल रहे ‘सुशासन’ की जमकर सराहना की. वहीं, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने एनडीए सरकार के तहत राज्य की तरक्की की कामना की. दिल्ली की नेता रेखा गुप्ता ने भी बिहार के सर्वांगीण विकास पर जोर देते हुए वहां की जनता के जज्बे को सलाम किया.
ये भी पढ़ें: बिहार दिवस 2026: ‘विकसित बिहार से ही बनेगा विकसित भारत’, स्थापना दिवस पर पीएम मोदी
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



