Urdu Conclave 2026

रेलवे के टिकट कैंसलेशन और रिफंड के नियमों में बड़ा फेरबदल, अब लागू हो चुके हैं ये नए नियम

भारतीय रेलवे ने कंफर्म टिकट रद्द करने और बोर्डिंग प्वाइंट बदलने का नियम आसान कर दिया हैं. अब यात्री ट्रेन के प्रस्थान से 72 घंटे पहले टिकट रद्द करने पर ज्यादा रिफंड पा सकते हैं.

Railway ticket penalty rules

Train Ticket Rules: भारतीय रेलवे ने टिकट कैंसलेशन और रिफंड के नियमों में एक बड़ा फेरबदल किया है. साल 2026 के 8वें और 9वें रेल सुधारों के तहत आए ये नए नियम अब लागू हो चुके हैं. इनका मकसद यात्रियों को ज़्यादा सुविधा देना है, लेकिन साथ ही रिफंड पाने के लिए अब समय का ध्यान रखना पहले से कहीं ज़्यादा ज़रूरी हो गया है.

कब और कितने पैसे कटेंगे?

रेलवे ने रिफंड की पूरी प्रक्रिया को समय के हिसाब से अलग-अलग हिस्सों में बांट दिया है. अब आप ट्रेन छूटने से जितना पहले टिकट कैंसिल करेंगे, उतना ही फायदा होगा. अगर आपकी यात्रा का प्लान बदल गया है और आप ट्रेन चलने से कम से कम 3 दिन (72 घंटे) पहले टिकट कैंसिल कर देते हैं, तो आपको सबसे कम नुकसान होगा. इसमें सिर्फ रेलवे का जो न्यूनतम फिक्स्ड कैंसलेशन चार्ज है, वही काटा जाएगा और बाकी पैसे वापस मिल जाएंगे.

अगर आप ट्रेन रवाना होने से 72 घंटे से लेकर 24 घंटे के बीच टिकट रद्द करते हैं, तो रेलवे आपके कुल किराए का 25% हिस्सा काट लेगा. यानी आपको 75% पैसा वापस मिलेगा. जैसे-जैसे समय कम होगा, पेनल्टी बढ़ती जाएगी. अगर आप यात्रा से 24 घंटे से 8 घंटे पहले तक टिकट कैंसिल करते हैं, तो सीधे 50% किराया काट लिया जाएगा.

अगर ट्रेन छूटने में 8 घंटे से भी कम का समय बचा है और आप टिकट कैंसिल करते हैं, तो रेलवे आपको पैसे वापस नहीं करेगा. यानी इस स्थिति में जीरो रिफंड मिलेगा.

बोर्डिंग पॉइंट बदलना हुआ आसान

नए नियमों के मुताबिक, यात्री अब ट्रेन चलने के महज 30 मिनट पहले तक अपना बोर्डिंग पॉइंट बदल सकते हैं. यह सुविधा खासतौर पर दिल्ली, मुंबई या कोलकाता जैसे महानगरों के लिए वरदान साबित होगी, जहां एक ही शहर में कई बड़े स्टेशन होते हैं.

यदि आपने नई दिल्ली से टिकट बुक की है, लेकिन अब आप आनंद विहार से चढ़ना चाहते हैं, तो आप आधे घंटे पहले तक इसे ऑनलाइन बदल सकते हैं. इससे ना तो आपकी सीट किसी और को अलॉट होगी और ना ही आपको कोई दिक्कत आएगी.

ये भी पढ़ें: ‘वैश्विक संकट का बोझ किसानों पर नहीं पड़ने देंगे’, राज्यसभा में PM मोदी ने देश को दिया भरोसा

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read