Bharat Express DD Free Dish

एक दुल्हन, नौ दूल्हे! 8 बार फेरे ले चुकी लड़की का ऐसा खेल, लड़का रह गया हक्का-बक्का

महाराष्ट्र के बीड़ जिले में एक ‘लुटेरी दुल्हन’ का मामला सामने आया है जिसने एक युवक से नौवीं बार शादी रचाकर उसे लाखों का चूना लगाया. आरोपी महिला पहले भी 8 लोगों को ठग चुकी है और शादी के कुछ दिन बाद गहने-पैसे लेकर फरार हो जाती थी.

Looteri Dulhan 1 Bride 9 Grooms 8 times married girl cons youth in Beed, Maharashtra

शादी का लड्डू जो खाए वो पछताए… ये कहावत तो आपने सुनी होगी, लेकिन महाराष्ट्र के बीड़ जिले में एक दूल्हे के साथ जो हुआ, उसे सुनकर आप दंग रह जाएंगे. यहां एक युवक के अरमानों पर पानी तब फिर गया जब उसे पता चला कि जिस लड़की से उसने सात जन्मों का साथ निभाने की कसमें खाई थीं, उसने उससे पहले 8 और लोगों के साथ फेरे लिए थे.

एजेंटों ने बुना जाल, दूल्हा बन गया शिकार

ये मामला बीड़ जिले की गेवराई तहसील का है. ‘फर्जी शादी’ कराकर युवाओं को लूटने वाले एक शातिर गैंग से जुड़ा है. उमापुर के रहने वाले एक युवक को शादी के लिए लड़की की तलाश थी. इसी बीच कुछ एजेंटों ने उससे संपर्क किया और एक लड़की का रिश्ता दिखाया. शादी तय करने के नाम पर एजेंटों ने युवक से लाखों रुपये ऐंठ लिए. धूमधाम से शादी हुई, रीति-रिवाजों के साथ दुल्हन विदा होकर ससुराल आई, लेकिन घर में खुशियों की जगह सन्नाटा पसरने में देर नहीं लगी.

गहने और पैसे लेकर रफूचक्कर हुई ‘महारानी’

शादी के कुछ दिन बीतते ही दुल्हन अचानक घर से गायब हो गई. सिर्फ दुल्हन ही नहीं गई, बल्कि वह घर में रखे लाखों रुपये और कीमती जेवर भी साथ ले उड़ी. जब दूल्हे और उसके परिवार ने पड़ताल शुरू की, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई. जांच में सामने आया कि यह उस लड़की की नौवीं शादी थी. वह इससे पहले 8 अलग-अलग लोगों को अपना शिकार बना चुकी थी और हर बार यही तरीका अपनाकर फरार हो जाती थी.

ग्रामीण युवाओं की मजबूरी का फायदा उठाता है गैंग

यह गिरोह बहुत ही शातिर तरीके से काम करता है. इनका मुख्य निशाना ग्रामीण इलाकों के वो युवा होते हैं जिन्हें शादी के लिए दुल्हन ढूंढने में परेशानी आती है. एजेंट बीच में आते हैं, लड़की की गरीबी का हवाला देते हैं और शादी के बदले मोटी रकम वसूलते हैं. ‘दुल्हन एक और दूल्हे अनेक’ का यह खेल कई युवाओं की जिंदगी बर्बाद कर रहा है.

न्याय की गुहार और पुलिस की कार्रवाई

धोखाधड़ी का शिकार हुए पीड़ित युवक ने अब बीड़ के पुलिस अधीक्षक (SP) और चकलांबा पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है. पीड़ित का कहना है कि उसे अंधेरे में रखकर यह शादी कराई गई और अब उसके पास न्याय के अलावा कोई रास्ता नहीं बचा है. पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है और गैंग के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है.

ये भी पढ़ें: घर के काम के बदले बच्चे ले रहे 40-80 हजार रुपये सैलरी!

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read