सचिन/बुलंदशहर
PCF Warehouse Corruption: उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर से एक बड़ी खबर सामने आई है. जहां कृषि विभाग की टीम ने अनूपशहर गंगा पुल पर ले जा रही यूरिया की काला बाजारी का भंडाफोड़ किया है. विभाग ने सरकारी संस्था पीसीएफ (PCF) के गोदाम से की जा रही यूरिया की कालाबाजारी को रंगे हाथों पकड़ लिया है. इस कार्रवाई में यूरिया से लदे कुल तीन ट्रक जब्त किए गए हैं, जिनमें 1575 बोरे यूरिया लदा हुआ था.
1575 बोरे यूरिया बरामद
जानकारी के मुताबिक, बुलंदशहर के कृषि विभाग (Agriculture Department) को सूचना दी गई थी कि पीसीएफ के गोदाम पर गैर जनपदों के ट्रकों में यूरिया की लोडिंग की जा रही है. जिसकी सूचना मिलते ही विभाग की टीम हरकत में आ गई. जिसके बाद घेराबंदी करते हुए कृषि अधिकारी ने अनूपशहर गंगा पुल पर यूरिया से लदे तीन ट्रकों की जांच की.
जिसमें 1575 बोरे यूरिया बरामद हुई, जिसे अवैध तरीके से रामपुर और सम्भल के जनपदों में बेचने के लिए ले जाया जा रहा था.
400 रुपये प्रति बोरा के हिसाब से खरीदी
जांच में खुलासा हुआ कि खाद माफियाओं ने सरकारी सिस्टम में सेंध लगाकर इफको (IFFCO) ब्रांड की यूरिया की यह खेप 400 रुपये प्रति बोरा के हिसाब से खरीदी थी, जबकि इसका सरकारी निर्धारित रेट मात्र 266.50 रुपये प्रति बोरा है. पकड़े गए तस्कर ने पीसीएफ के अधिकारियों के साथ मिलीभगत की बात भी स्वीकार की है.
आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज
इस पूरे खेल में विभाग के अंदरूनी भ्रष्टाचार की परतें भी खुल रही हैं. पकड़े गए आरोपी ने डिजिटल ट्रांजैक्शन के सबूत भी दिखाए हैं, जिससे स्पष्ट होता है कि सरकारी खाद को निजी मुनाफे के लिए तस्करी किया जा रहा था. कृषि विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.
जिला कृषि अधिकारी राम कुमार ने बताया:
‘हमें सूचना मिली थी कि नई मंडी पीसीएफ के गोदाम से कुछ गाड़ियों में खाद का स्टॉक लोड हो रहा है जो बाहर के जिले में जाएगा. हमने उन गाड़ियों का पीछा किया और अनूपशहर गंगा पुल पर उन्हें पकड़ लिया. ड्राइवर ने बताया कि यह माल रामपुर और सम्भल ले जाया जा रहा था. तीनों गाड़ियों में 525-525 (कुल 1575) बोरे थे.
पकड़े गए तस्कर मोहम्मद हारून ने बताया कि वह एक कट्टा 400 रुपये का खरीदता है, जिसका सरकारी रेट 266.50 रुपये है. उसने बताया कि पीसीएफ के कुछ अधिकारियों के अकाउंट में उसने पैसा डाला है और अपने मोबाइल में इसके प्रूफ भी दिखाए हैं. इस मामले में जितने भी लोग शामिल थे, उनके खिलाफ एफआईआर (FIR) दर्ज कर ली गई है.’
यह भी पढ़ें:मजबूत निकला अक्षय का ‘भूत बंगला’! 24 दिन बाद भी ‘सुपरफास्ट’ कमाई, क्या छू पाएगी 300 करोड़?
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
