Bharat Express DD Free Dish

डिंडौरी के शहपुरा में ऐसी शादी जो पहले कभी न देखी: सड़कों पर उतरा 200 दूल्हों का सैलाब! दिग्गजों ने दिया आशीर्वाद

शहपुरा के रानी दुर्गावती स्टेडियम में खुशियों का महाकुंभ उमड़ा. 200 दूल्हों की एक साथ निकली बारात ने नगर की रफ्तार थाम दी. कैबिनेट मंत्री सम्पतिया उइके और सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते की मौजूदगी में परंपरा और भव्यता के साथ बेटियों की विदाई हुई.

Dindori News, Shahpura Samuhik Vivah

Dindori News: मध्य प्रदेश के डिंडौरी जिले में खुशियों का एक अनोखा कारवां देखने को मिला. मौका था शहपुरा के रानी दुर्गावती स्टेडियम में आयोजित मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना का, जहां एक-दो नहीं बल्कि पूरे 200 जोड़ों ने एक-दूसरे का हाथ थामकर नए जीवन की शुरुआत की. इस सामूहिक विवाह की सबसे खास बात रही वह भव्य बारात, जिसमें जब 200 दूल्हे गाजे-बाजे के साथ निकले, तो पूरे नगर में उत्सव जैसा माहौल बन गया.

उपहारों की हुई बौछार

सरकार की ओर से तय नियम के मुताबिक, हर नवदंपति के बैंक खाते में 49 हजार रुपये की आर्थिक सहायता राशि ट्रांसफर की जाएगी. लेकिन इस बार आयोजन में खुशियां दोगुनी हो गईं. स्थानीय विधायक ओमप्रकाश धुर्वे और भाजपा कार्यकर्ताओं ने निजी तौर पर दरियादिली दिखाते हुए सभी जोड़ों को अपनी ओर से चांदी की अंगूठी, नए कपड़े और घरेलू इस्तेमाल के बर्तन भेंट किए. विधायक के इस व्यक्तिगत प्रयास की वहां मौजूद लोगों ने जमकर सराहना की.

दिग्गजों ने दिया आशीर्वाद

स्टेडियम का कोना-कोना बारातियों और घरातियों से भरा नजर आया. इस बड़े आयोजन में कैबिनेट मंत्री सम्पतिया उइके, सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते और कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया समेत कई बड़े जनप्रतिनिधि पहुंचे. सभी ने वर-वधू पर फूल बरसाकर उन्हें सुखद वैवाहिक जीवन का आशीर्वाद दिया.

ये भी पढ़ें- इस खतरनाक मैकेनिक से हो जाए सावधान, दिल्ली वालों की उड़ाई नींद; जानें क्या है पूरा मामला

परंपरा और आधुनिकता का संगम

विवाह की रस्में पूरी तरह से पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न हुईं. ढोल-नगाड़ों की थाप पर थिरकते लोग और नगर भ्रमण करती दूल्हों की टोली ने यह संदेश दिया कि सामूहिक विवाह न केवल फिजूलखर्ची रोकने का जरिया है, बल्कि यह सामाजिक एकता का भी प्रतीक है. कार्यक्रम में जिले भर के अधिकारी और कर्मचारियों के साथ-साथ बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे, जिससे पूरा शहपुरा शहर इस ऐतिहासिक पल का गवाह बना.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read