मेरठ, 27 मई. उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां भावनपुर थाना क्षेत्र में एक कलयुगी पिता ने अपनी दूसरी पत्नी (सौतेली मां) के साथ मिलकर अपनी ही 17 साल की नाबालिग बेटी की बेरहमी से हत्या कर दी. हद तो तब हो गई जब आरोपियों ने पुलिस और रिश्तेदारों से बचकर गुपचुप तरीके से शव का गढ़मुक्तेश्वर में अंतिम संस्कार भी कर दिया. हालांकि, लड़की के मामा की सूझबूझ और शिकायत के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पिता और सौतेली मां को गिरफ्तार कर लिया है. दोनों ने अपना गुनाह कबूल कर लिया है.
क्या है पूरा मामला?
भावनपुर थाना क्षेत्र की गोकुलधाम सोसाइटी के रहने वाले कपिल की शादी साल 2009 में हापुड़ की प्रीति से हुई थी. शादी के बाद प्रीति ने एक बेटी खुशी उर्फ खुशबू और एक बेटे राधे को जन्म दिया. साल 2017 में बीमारी या अन्य कारणों से प्रीति की मौत हो गई. प्रीति की मौत के महज 6 महीने बाद ही कपिल ने पिंकी नाम की महिला से दूसरी शादी कर ली.
आरोप है कि दूसरी शादी करने के बाद से ही कपिल और उसकी नई पत्नी पिंकी, दोनों बच्चों (खुशी और राधे) को बुरी तरह प्रताड़ित करने लगे थे. बच्चों के साथ अक्सर मारपीट की जाती थी. सोमवार की रात संदिग्ध परिस्थितियों में 17 वर्षीय खुशी की मौत हो गई. लोकलाज और पुलिस के डर से पिता कपिल ने बिना किसी को सूचना दिए आनन-फानन में बेटी के शव को ठिकाने लगाने के लिए गढ़मुक्तेश्वर ले जाकर उसका अंतिम संस्कार कर दिया.
मामा-मामी पहुंचे तो की मारपीट
मंगलवार की दोपहर मृतका खुशी के मामा भूपेंद्र शर्मा को किसी अज्ञात व्यक्ति ने फोन पर सूचना दी कि उनकी भांजी की मौत हो गई है. खबर मिलते ही मामा और मामी तुरंत हापुड़ से मेरठ पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी खुशी का अंतिम संस्कार कर चुके थे. जब मामा पक्ष के लोगों ने इस पर विरोध जताया और मौत का कारण पूछा, तो आरोपी पक्ष के लोगों ने उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट तक कर डाली. इसके बाद मामा भूपेंद्र ने तुरंत स्थानीय पुलिस स्टेशन जाकर न्याय की गुहार लगाई और कपिल व पिंकी के खिलाफ हत्या की तहरीर दी.
‘मामा मुझे बचा लो, ये मार डालेंगे’ – आखिरी ऑडियो
इस पूरे मामले में मृतका के मामा ने पुलिस को एक बेहद भावुक और पुख्ता सबूत सौंपा है. यह एक ऑडियो रिकॉर्डिंग है, जो खुशी ने मरने से कुछ समय पहले अपनी मौसी से फोन पर बात करते हुए रिकॉर्ड की थी. इस ऑडियो में खुशी रोते हुए अपनी मौसी से कह रही है, “मामा से कह दो कि वो मुझे आकर यहां से ले जाएं, नहीं तो ये लोग मुझे मार देंगे.”
मामा भूपेंद्र शर्मा ने रोते हुए बताया कि काश उन्होंने खुशी की इस बात को समय रहते गंभीरता से ले लिया होता, तो आज उनकी भांजी जिंदा होती. उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले 4 साल से कपिल और उसकी दूसरी पत्नी पिंकी मिलकर खुशी का मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न कर रहे थे.
पुलिस की कार्रवाई और आरोपियों का कबूलनामा
मामा की शिकायत मिलते ही मेरठ पुलिस तुरंत हरकत में आई. एसपी देहात अभिजीत कुमार ने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पिता कपिल के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है. साथ ही उसकी दूसरी पत्नी पिंकी को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. पुलिस की कड़ी पूछताछ के आगे दोनों टूट गए और उन्होंने बेटी की हत्या करने का जुर्म कबूल कर लिया है. पुलिस अब मामले के अन्य पहलुओं और साक्ष्यों को जुटाने में लगी है.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


