भाजपा नेता और पूर्व विधायक संगीत सोम अपने बयानों को लेकर हमेशा सुर्खियों में रहते हैं. एक बार फिर उन्होंने मेरठ में मीडिया से बातचीत के दौरान कई संवेदनशील मुद्दों पर बेहद तल्ख और बेबाक टिप्पणी की है. संगीत सोम ने बांग्लादेशी घुसपैठ, IPL में विदेशी खिलाड़ियों की एंट्री और आगामी चुनावों को लेकर विपक्ष पर ऐसा निशाना साधा है, जिसकी चर्चा अब चारों तरफ हो रही है. राहुल गांधी और अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए उन्होंने दावा किया कि आने वाले चुनावों में विपक्ष दहाई का आंकड़ा भी पार नहीं कर पाएगा.
पहले आतंकी चलाते थे सरकार…
जब मीडिया ने संगीत सोम से पश्चिम बंगाल और बांग्लादेशी घुसपैठियों के मुद्दे पर सवाल पूछा, तो उन्होंने बेहद आक्रामक रुख अपनाया. सोम ने कहा, ‘आप खुद देखिए कि किस तरीके से बांग्लादेश के दलाल भारत में रह रहे हैं. आज जब उनसे यहां से निकलने के लिए कहा गया, तो करोड़ों लोग बॉर्डर पर इकट्ठा हो गए. आखिर ये लोग इतने दिनों से कहां छिपे थे और कहां से अचानक आ गए?’ पश्चिम बंगाल की राजनीति पर सीधा हमला बोलते हुए भाजपा नेता ने आगे कहा, ‘बंगाल में अब तक आतंकियों की सरकार चलती थी. लेकिन इतिहास में पहली बार ऐसा हुआ है कि वहां भारतीयों ने अपनी सरकार बनाई है. आज अगर बंगाल में कोई सरकार है, तो वह सच्चे भारतीयों की सरकार है.’
‘अगर वो आते तो हमारे बच्चों का नंबर नहीं आता’
बातचीत के दौरान जब संगीत सोम से आईपीएल (IPL) में बांग्लादेशी और पाकिस्तानी क्रिकेटर्स को लेकर सवाल किया गया, तो उन्होंने इसे देश के युवा खिलाड़ियों के भविष्य से जोड़ दिया. हालांकि, उन्होंने उदाहरण देते हुए भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी का नाम भी बातचीत में शामिल किया.
संगीत सोम ने कहा, ‘आप खुद सोचकर देखिए कि आज हमारे देश में शमी जैसे बेहतरीन खिलाड़ी खेल रहे हैं और नाम कमा रहे हैं. अगर आईपीएल में पाकिस्तान और बांग्लादेश के खिलाड़ियों को भर लिया जाता, तो हमारे देश के टैलेंटेड बच्चों का नंबर ही नहीं आता. उन्हें मौका ही नहीं मिलता.’
राहुल-अखिलेश पर कसा तंज
आगामी चुनावों को लेकर जब संगीत सोम से पूछा गया कि उत्तर प्रदेश और देश की राजनीति में अखिलेश यादव और राहुल गांधी की जोड़ी क्या कमाल दिखाएगी, तो उन्होंने हंसते हुए विपक्ष की उम्मीदों पर पानी फेर दिया.
सोम ने दावा किया, ‘आप लिखकर रख लीजिए, आने वाले चुनाव में न तो अखिलेश यादव और न ही राहुल गांधी डबल डिजिट छू पा रहे हैं. विपक्ष पूरी तरह साफ होने वाला है. इस देश में अकेले धोती वाला बाबा ही 350 सीटों के बराबर भारी आ रहा है.’
ये भी पढ़ें: अटल जी की विरासत को आगे बढ़ा रहे डॉ. दिनेश शर्मा, ₹2.50 करोड़ की लागत से सुदर्शनपुरी कल्याण मंडप का होगा कायाकल्प
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


