Bharat Express DD Free Dish

‘वैश्विक मंदी के बीच भारत की 7.7% वाली रफ्तार’, लंका दिनकर ने समझाया पीएम मोदी की आर्थिक नीतियों का गणित

भाजपा नेता लंका दिनकर ने वैश्विक आर्थिक संकट और युद्ध के माहौल के बीच भारत की 7.7% जीडीपी ग्रोथ रेट को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों की बड़ी जीत बताया है. उन्होंने कहा कि 7.8% की विकास दर यह दर्शाती है कि स्थिर नेतृत्व के दम पर ‘विकसित भारत’ की ओर बढ़ रहा है.

BJP Leader Lanka Dinakar Praises PM Modi On India 7.7 Percent GDP Growth

आज पूरी दुनिया जहां एक तरफ युद्ध, महंगाई और गंभीर आर्थिक संकट से जूझ रही है, वहीं दूसरी तरफ भारतीय अर्थव्यवस्था अपनी रफ्तार से सबको हैरान कर रही है. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता लंका दिनकर ने शनिवार को देश के आर्थिक हालातों पर बात करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की जमकर सराहना की. उन्होंने कहा कि आज जब दुनिया के बड़े-बड़े विकसित देश मंदी की मार झेल रहे हैं, ऐसे मुश्किल दौर में भी भारत तरक्की के नए रिकॉर्ड बना रहा है.

दुनिया में संकट, फिर भी 7.7% की रफ्तार से दौड़ रहा भारत

लंका दिनकर ने वैश्विक हालातों का जिक्र करते हुए कहा कि रूस-यूक्रेन युद्ध और ईरान-इजरायल-अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव ने पूरी दुनिया की सप्लाई चेन को पूरी तरह बिगाड़ दिया है. दुनिया भर में आर्थिक अस्थिरता का माहौल है. लेकिन, इन तमाम विपरीत परिस्थितियों के बावजूद वित्तीय वर्ष 2025-26 में भारत ने 7.7 प्रतिशत की शानदार विकास दर (GDP Growth) हासिल की है. इतना ही नहीं, जनवरी से मार्च की तिमाही में तो यह आंकड़ा 7.8 प्रतिशत पर पहुंच गया. यह साबित करता है कि हमारी अर्थव्यवस्था की बुनियाद कितनी मजबूत है.

‘विकसित भारत 2047’ और ‘विश्व गुरु’ बनने का संकल्प

भाजपा नेता ने कहा कि यह शानदार प्रदर्शन किसी चमत्कार का नतीजा नहीं है, बल्कि इसके पीछे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दूरगामी नीतियां और एक स्थिर सरकार का होना है.

उन्होंने पीएम मोदी के ‘विकसित भारत 2047’ के विजन की चर्चा करते हुए कहा कि सरकार का एकमात्र लक्ष्य आजादी के 100 साल पूरे होने तक भारत को एक वैश्विक महाशक्ति और ‘विश्व गुरु’ के रूप में स्थापित करना है. आज देश के 140 करोड़ लोगों का भरोसा और सरकार की सही नीतियां इस विकास यात्रा को दोगुनी रफ्तार दे रही हैं.

देश को बदनाम करने वाले तत्वों को दिया करारा जवाब

अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए लंका दिनकर ने उन ताकतों को भी आड़े हाथों लिया जो देश की तरक्की से खुश नहीं हैं. उन्होंने बिना किसी का नाम लिए कहा कि एक तरफ जहां पूरी दुनिया भारतीय अर्थव्यवस्था का लोहा मान रही है.

वहीं दूसरी तरफ देश के भीतर ही कुछ ऐसे नकारात्मक तत्व सक्रिय हैं जो आम जनता और खासकर हमारे युवाओं को भड़काने की साजिश रच रहे हैं. उनका मकसद सिर्फ देश की शांति और सद्भाव को बिगाड़ना है ताकि किसी भी तरह देश की अर्थव्यवस्था को पटरी से उतारा जा सके. लेकिन देश की जागरूक जनता उनके बहकावे में आने वाली नहीं है.

ये भी पढ़ें: दुनिया में बज रहा भारत का डंका; पीयूष गोयल और गजेंद्र सिंह शेखावत ने बताया क्यों खास हैं पीएम मोदी के ये 12 साल

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read