PM Modi @ 12 Years: भारत के राजनीतिक इतिहास में आज का दिन बेहद खास और ऐतिहासिक है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के देश के सर्वोच्च कार्यकारी पद पर रहने के 12 साल (2014 से 2026) का लंबा और बेमिसाल सफर पूरा हो चुका है. इस खास और ऐतिहासिक मौके पर भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को विशेष रूप से बधाई दी है.
राष्ट्रपति ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल ‘एक्स’ (ट्विटर) पर एक बेहद आत्मीय और प्रभावशाली पोस्ट साझा करते हुए न सिर्फ प्रधानमंत्री की तारीफ की, बल्कि उनके शासनकाल की उन बड़ी उपलब्धियों को भी रेखांकित किया जिन्होंने देश की तस्वीर बदली है.
जनता के अटूट विश्वास का प्रमाण
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने अपने पोस्ट में प्रधानमंत्री मोदी के लंबे कार्यकाल की सराहना करते हुए इसे लोकतांत्रिक इतिहास का एक बड़ा मील का पत्थर बताया. राष्ट्रपति ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सबसे लंबे समय तक देश की सेवा करने का मौका मिला. इसके लिए उन्हें बहुत-बहुत बधाई. यह ऐतिहासिक मौका भारत के लोगों की ओर से आप पर जताए गए अटूट विश्वास और प्रेम का सबसे बड़ा प्रमाण है.
समाज के अंतिम छोर तक विकास
शासनकाल की उपलब्धियों का बखान करते हुए राष्ट्रपति मुर्मू ने देश में आए आर्थिक और सामाजिक बदलावों का विशेष जिक्र किया. उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में देश ने आर्थिक मजबूती और सामाजिक परिवर्तन के क्षेत्र में दूरगामी प्रगति हासिल की है.
सरकार द्वारा शुरू की गई तमाम जनकल्याणकारी योजनाओं ने यह सुनिश्चित किया है कि विकास का लाभ समावेशी रूप से जमीनी स्तर तक बैठे अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, जो ‘अंत्योदय’ के महान सिद्धांतों के प्रति प्रधानमंत्री की गहरी प्रतिबद्धता को मजबूती से दर्शाता है.
ये भी पढ़ें: ‘डॉक्टर-नर्स छुट्टी पर, गार्ड चढ़ा रहा बोतल!’ सिंगरौली के सरकारी अस्पताल का गजब कारनामा, Video हुआ वायरल
राष्ट्रपति के दिल के बेहद करीब हैं पीएम मोदी
अपने संदेश में राष्ट्रपति ने विशेष रूप से आदिवासी समाज के उत्थान के लिए चलाई जा रही योजनाओं का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री का आभार जताया. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में शुरू की गई ‘प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महा अभियान’ (PM-JANMAN) और ‘धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान’ मेरे दिल के बेहद करीब हैं.
राष्ट्रपति ने आगे कहा कि पीएम मोदी की यह प्रेरणादायक जीवन यात्रा भारत की मजबूत लोकतांत्रिक परंपराओं में उम्मीद और एक नया आत्मविश्वास जगाती है. उन्होंने अंत में प्रधानमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य और लंबी उम्र की कामना की, ताकि देश तेजी से ‘आत्मनिर्भर’ और ‘विकसित भारत’ के विजन की ओर बढ़ सके.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

