UP News: लखनऊ/रवि: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में एक बार फिर रेलवे सुरक्षा को चुनौती देने की कोशिश सामने आई है. कैंट क्षेत्र में पंजाब मेल ट्रेन को डिरेल करने की कथित साजिश रची गई, लेकिन लोको पायलट की सतर्कता के चलते बड़ा हादसा टल गया. घटना शुक्रवार (12 मई) दोपहर की है, जब अमृतसर से हावड़ा जा रही 13006 पंजाब मेल कैंट के दिलकुशा ब्लॉक हट के पास पहुंची.
ट्रैक पर रखा था भारी लोहे का चौखट
जानकारी के मुताबिक, ट्रेन के आने से पहले कुछ अज्ञात लोगों ने रेलवे ट्रैक पर करीब 50 किलो वजनी लोहे का चौखट रख दिया था. जैसे ही ट्रेन उस स्थान के करीब पहुंची, लोको पायलट की नजर ट्रैक पर पड़े भारी लोहे के ढांचे पर पड़ी. स्थिति की गंभीरता को समझते हुए उन्होंने तुरंत इमरजेंसी ब्रेक लगा दी.
इंजन से टकराकर फंस गया चौखट
हालांकि ट्रेन की रफ्तार कम हो गई थी, लेकिन पूरी तरह रुकने से पहले इंजन लोहे के चौखट से टकरा गया. टक्कर के बाद चौखट इंजन के नीचे फंस गया. घटना के तुरंत बाद लोको पायलट ने स्टेशन मास्टर को इसकी सूचना दी, जिसके बाद रेलवे अधिकारियों और रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की टीम मौके पर पहुंची.
ये भी पढ़ें: राममंदिर चढ़ावे की चोरी: जांच के लिए CM योगी ने SIT बनाई, एक कर्मचारी के घर गोबर के ढेर में मिले 10 लाख रुपए
जांच शुरू, एफआईआर दर्ज
रेलवे कर्मियों ने इंजन के नीचे फंसे चौखट को हटाया और उसे आरपीएफ के सुपुर्द कर दिया. मामले की गंभीरता को देखते हुए कैंट थाने में एफआईआर दर्ज कर ली गई है. पुलिस और आरपीएफ संयुक्त रूप से जांच कर रही हैं कि ट्रैक पर भारी लोहे का चौखट किसने और किस मकसद से रखा था.
इस घटना ने एक बार फिर रेलवे ट्रैक की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. समय रहते लोको पायलट की सूझबूझ और सतर्कता से सैकड़ों यात्रियों की जान बच गई और एक बड़ा रेल हादसा होने से टल गया. फिलहाल मामले की जांच जारी है.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



