Urdu Conclave 2026

मारा गया लल्लन सिंह! यूपी STF के एनकाउंटर में ढेर हुआ सवा लाख का इनामी डकैत, जानिए इसकी खूंखार क्राइम कुंडली

यूपी STF ने सहारनपुर में मुठभेड़ के दौरान 1.25 लाख रुपये के इनामी अपराधी लल्लन सिंह को मार गिराया. लल्लन सिंह पर यूपी और बिहार में लूट, डकैती और हत्या के प्रयास समेत कई संगीन मामले दर्ज थे…

Lallan Singh Saharanpur Encounter: उत्तर प्रदेश और बिहार पुलिस के लिए लंबे समय से सिरदर्द बना कुख्यात और शातिर अपराधी लल्लन सिंह आखिरकार अपने अंजाम तक पहुंच गया है. यूपी एसटीएफ (UP STF) ने एक गुप्त सूचना के आधार पर सहारनपुर में घेराबंदी कर भीषण मुठभेड़ के दौरान इस मोस्ट वांटेड बदमाश को मार गिराया है.

मारे गए अपराधी लल्लन सिंह पर यूपी और बिहार के कई जिलों में लूट, डकैती और हत्या के प्रयास जैसे दर्जनों संगीन मामले दर्ज थे. इसकी गिरफ्तारी पर पुलिस ने कुल 1.25 लाख रुपये का भारी-भरकम इनाम घोषित कर रखा था.

सहारनपुर में एसटीएफ ने ऐसे बिछाया जाल(Lallan Singh Encounter)

क्राइम ब्रांच और यूपी एसटीएफ को इनपुट मिला था कि बिहार और उत्तर प्रदेश में आतंक का पर्याय बन चुका लल्लन सिंह सहारनपुर के इलाके में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने या छिपने के इरादे से घूम रहा है. एसटीएफ की टीम ने जब उसे सरेंडर करने के लिए ललकारा, तो लल्लन सिंह ने पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी. जवाबी कार्रवाई में एसटीएफ की कड़क गोलीबारी के दौरान लल्लन सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया.

वाराणसी से था 1 लाख का इनाम

लल्लन सिंह का आपराधिक नेटवर्क बेहद मजबूत था और वह पुलिस की आंखों में धूल झोंकने में माहिर था. उसकी बढ़ती आपराधिक गतिविधियों को देखते हुए वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट ने उस पर 1 लाख रुपये का इनाम घोषित किया था, जबकि चंदौली पुलिस ने भी उस पर 25,000 रुपये का इनाम रखा था. कुल मिलाकर ₹1,25,000 के इस इनामी बदमाश के खात्मे से पूर्वांचल और बिहार के सीमावर्ती इलाकों के व्यापारियों और आम जनता ने बड़ी राहत की सांस ली है.

ये भी पढ़ें: 300 बिलियन डॉलर कौन देगा? अमेरिका-ईरान डील के छठे पॉइंट पर फंसा पेंच

कई जिलों में था लूट और डकैती का साम्राज्य

शुरुआती जांच और पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, लल्लन सिंह एक संगठित गैंग चलाता था, जो बिहार और उत्तर प्रदेश के हाईवे तथा बड़े व्यापारियों को निशाना बनाकर कट्टा और बंदूकों के दम पर डकैती की घटनाओं को अंजाम देता था. एसटीएफ अब इस बात की जांच कर रही है कि सहारनपुर में उसे पनाह देने वाले स्थानीय मददगार कौन थे और मुठभेड़ के वक्त उसके साथ और कौन से अपराधी मौजूद थे जो अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read