गौतमबुद्धनगर जिले के नोएडा (Noida) में बुधवार को एक भीषण अग्निकांड ने भारी तबाही मचा दी. फेज-3 थाना क्षेत्र के सेक्टर-66 स्थित मामूरा गांव (Mamura Village) की एक 5 मंजिला अवैध इमारत (पीजी) में अचानक आग भड़क उठी. आग इतनी खौफनाक थी कि देखते ही देखते पूरी बिल्डिंग धुएं और लपटों से घिर गई, जिससे इमारत के अंदर करीब 50 से अधिक परिवार फंस गए. इस दर्दनाक हादसे में 2 लोगों (जिनमें एक 26 वर्षीय महिला शामिल है) की मौत की दुखद खबर सामने आई है.
इलेक्ट्रिक स्कूटी की चार्जिंग बनी वजह (Noida Mamura fire)
हादसे का मुख्य कारण एक इलेक्ट्रिक बाइक/स्कूटी को बताया जा रहा है. जानकारी के मुताबिक, 5 मंजिला इमारत के ग्राउंड फ्लोर पर स्कूटी चार्ज हो रही थी. इसी दौरान बैटरी में स्पार्किंग हुई और एक जोरदार धमाका (Blast) हुआ. स्पार्किंग से भड़की आग तेजी से ऊपरी मंजिलों तक फैल गई. इस अग्निकांड में पार्किंग में खड़े करीब 10 वाहन पूरी तरह जलकर राख हो गए.
सामने वाली बिल्डिंग से हुआ रेस्क्यू (Sector 66 Noida fire accident)
आग लगते ही इलाके में चीख-पुकार मच गई. मौके पर मौजूद चश्मदीद दुकानदार ‘अमन’ ने सूझबूझ दिखाते हुए जोर-जोर से शोर मचाया और लोगों को बाहर निकलने को कहा, जिससे समय रहते कई लोग अलर्ट हो गए.
ये भी पढ़ें: बलूचिस्तान आजाद! अब PoK की बारी, 5 बहनों के संदेश से शहबाज-मुनीर के उड़े होश
दमकल विभाग (Fire Brigade) और पुलिस की टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाला. 5 मंजिला इमारत के सामने वाली बिल्डिंग में सीढ़ी लगाकर 100 से ज्यादा फंसे हुए लोगों का सफल रेस्क्यू किया गया. आग में झुलसे लोगों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है.
CM योगी ने लिया सख्त संज्ञान
मामूरा गांव के लालडोरा इलाके में हुए इस अग्निकांड ने एक बार फिर शहर में अवैध निर्माण और फायर सेफ्टी मानकों की अनदेखी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi Adityanath) ने इस हादसे का तत्काल संज्ञान लिया है. उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा है कि प्रशासन तुरंत मौके पर पहुंचे, राहत-बचाव कार्य में तेजी लाए और घायलों को सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए. फिलहाल पुलिस और दमकल विभाग मौके पर मौजूद है और रेस्क्यू अभियान अंतिम चरण में है.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

