Didwana Bee Attack
Didwana Bee Attack: डीडवाना जिला मुख्यालय के पास नंदवाण गांव में एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाला हादसा सामने आया है. खेत में बने मकान में रह रहे लोगों पर मधुमक्खियों (घोड़ा मक्खी) के झुंड ने अचानक हमला बोल दिया. इस हमले की चपेट में आने से करीब 15 लोग घायल हो गए. हादसे के दौरान 71 वर्षीय बुजुर्ग पति पर सैकड़ों मधुमक्खियों का भीषण हमला देखकर घबराई पत्नी की सदमे के कारण दिल का दौरा (हार्ट अटैक) पड़ने से मौके पर ही मौत हो गई. इस घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर छा गई है.
सदमा बर्दाश्त नहीं कर सकीं पत्नी
प्राप्त जानकारी के अनुसार नंदवाण गांव में अचानक उग्र हुई मधुमक्खियों ने वहां मौजूद लोगों पर धावा बोल दिया. इसी दौरान वहां खड़े बुजुर्ग मानसिंह (71) को मधुमक्खियों के पूरे झुंड ने चारों तरफ से घेर लिया. अपने पति पर हजारों मक्खियों का जानलेवा हमला और उन्हें दर्द से तड़पता देख पास ही खड़ी उनकी पत्नी रतन कंवर (68) बुरी तरह घबरा गईं. पति की जान को खतरे में देख रतन कंवर इस भयानक सदमे और डर को बर्दाश्त नहीं कर पाईं और मौके पर ही उन्हें दिल का दौरा पड़ गया, जिससे वह अचेत होकर जमीन पर गिर पड़ीं.

अस्पताल में मची अफरा-तफरी
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. सूचना मिलते ही निंबी जोधा थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति की गंभीरता को देखते हुए 108 आपातकालीन सेवा की 4 से अधिक एंबुलेंस को मौके पर बुलाया गया. पुलिस और ग्रामीणों की मदद से अचेत रतन कंवर, घायल मानसिंह सहित अन्य सभी घायलों को तुरंत डीडवाना के राजकीय बांगड़ अस्पताल पहुंचाया गया. यहां डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद रतन कंवर को मृत घोषित कर दिया.
मुंह में दांत नहीं होने से पेट में घुसीं मक्खियां
अस्पताल में भर्ती बुजुर्ग मानसिंह की हालत बेहद गंभीर बनी हुई थी. उनके पूरे चेहरे और शरीर पर सैकड़ों डंक के निशान नजर आ रहे थे. प्रत्यक्षदर्शियों व चिकित्सकों के अनुसार, बुजुर्ग के मुंह में दांत नहीं होने के कारण हमले के दौरान सैकड़ों खूंखार मधुमक्खियां (घोड़ा मक्खी) उनके मुंह के रास्ते पेट के अंदर तक चली गई थीं. अस्पताल में तुरंत इलाज के दौरान उल्टी के माध्यम से इन मक्खियों को बाहर निकाला गया. डॉक्टरों के मुताबिक, इतनी बड़ी तादाद में मधुमक्खियों के काटने और पेट में चले जाने के बावजूद 71 वर्षीय मानसिंह की हालत अब स्थिर है और उनका उपचार जारी है.
ये भी पढ़ें- हिंदू युवती की तस्वीर, पर नाम ‘मुस्कान खानम’… दौसा गैंगरेप केस मामले में 4 आरोपी गिरफ्तार
रेस्क्यू टीम ने हटाया छत्ता
घटना के बाद प्रशासन के निर्देश पर रेस्क्यू टीम तुरंत मौके पर पहुंची. टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए पेड़ से मधुमक्खियों के छत्ते को पूरी तरह से हटा दिया है, जिसके बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली. बहरहाल, इस दर्दनाक हादसे ने पीड़ित परिवार सहित पूरे नंदवाण गांव को गहरा जख्म दिया है, जिससे हर कोई स्तब्ध है.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

