Bharat Express DD Free Dish

कतर संकट के बीच पीएम मोदी का फोन, पूर्व अमीर के निधन पर दी सांत्वना; किरेन रिजिजू पहुंचे दोहा

कतर के पूर्व अमीर शेख हमद बिन खलीफा अल थानी के निधन पर पीएम मोदी ने कतर के अमीर से फोन पर बात कर शोक जताया. भारत ने उनके सम्मान में एक दिन का राष्ट्रीय शोक रखा था, वहीं केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने दोहा जाकर भारत की ओर से संवेदनाएं व्यक्त कीं.

PM Modi Expresses Condolences To Qatar Amir Over Father Amir's Death

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कतर के अमीर शेख तमीम बिन हमद अल थानी से फोन पर बात कर पूर्व अमीर शेख हमद बिन खलीफा अल थानी के निधन पर गहरा शोक जताया है. पीएम मोदी ने कतर और भारत के मजबूत रिश्तों में उनके अमूल्य योगदान को याद किया और उन्हें भारत का सच्चा दोस्त बताया.

‘भारतीय समुदाय के लिए था खास स्नेह’

बातचीत के बाद पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “कतर के अमीर शेख तमीम बिन हमद अल थानी से बात की और पूर्व अमीर के निधन पर अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं. भारत के प्रति उनका गहरा लगाव और वहां रह रहे भारतीय समुदाय के लिए उनका स्नेह हमेशा याद रखा जाएगा.” पीएम ने कहा कि उनकी विरासत दोनों देशों की रणनीतिक साझेदारी को आगे भी मजबूत करती रहेगी.

भारत में रखा गया था एक दिन का राष्ट्रीय शोक

बता दें कि कतर के ‘फादर अमीर’ के नाम से मशहूर शेख हमद बिन खलीफा अल थानी का हाल ही में 74 वर्ष की आयु में निधन हो गया था. उनके सम्मान में भारत सरकार ने सोमवार को एक दिन के राष्ट्रीय शोक की घोषणा की थी, जिसके तहत राष्ट्रपति भवन सहित सभी सरकारी इमारतों पर राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहा. पीएम मोदी ने फरवरी 2024 में अपनी कतर यात्रा के दौरान उनसे हुई मुलाकात को भी याद किया.

केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू पहुंचे दोहा

भारत की ओर से दुख की इस घड़ी में कतर के साथ एकजुटता दिखाने के लिए केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू विशेष दूत बनकर दोहा पहुंचे. वहां उन्होंने कतर के अमीर से मुलाकात कर भारत सरकार और देश की जनता की तरफ से शोक संवेदनाएं प्रकट कीं और पीएम मोदी का खास संदेश भी उन्हें सौंपा.

ये भी पढ़ें: ‘कृष्ण नमाज पढ़ते थे’, मौलाना के बयान से भड़के लोग, लखनऊ में में FIR दर्ज

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read

Latest