Mau Parrot Missing:पी सिंह/आगरा: ताजनगरी आगरा से इंसान और पक्षी के बीच अटूट प्रेम की एक बेहद भावुक करने वाली कहानी सामने आई है. यहां एक परिवार का पालतू तोता ‘माऊ’ लापता हो गया है, जिसके वियोग में पूरा परिवार परेशान है. अपने दिल के टुकड़े को वापस पाने के लिए परिवार ने ₹50,000 के इनाम की घोषणा की है और शहर के चौराहों पर बड़े-बड़े होर्डिंग्स लगवाए हैं.
आगरा के बोदला इलाके में रहने वाले एडवोकेट सुनील कुमार सिंह का पालतू तोता ‘माऊ’ 13 जुलाई से लापता है. डेढ़ साल पहले घायल अवस्था में मिले इस तोते को परिवार ने बेटे की तरह पाला था. अब उसकी तलाश में शहरभर में पोस्टर और होर्डिंग्स लगाए गए हैं. तोते की पहचान उसकी चोंच और पंखों पर काले धब्बे हैं. परिवार ने माऊ की सही सूचना देने या उसे घर पहुंचाने वाले को 50 हजार रुपये का इनाम देने का वादा किया है.
पेड़ से गिरा मिला था ‘माऊ’ (Pet Love Agra)
आगरा के बोदला क्षेत्र में रहने वाले आयकर अधिवक्ता सुनील कुमार सिंह के परिवार को करीब डेढ़ साल पहले यह तोता पेड़ से गिरा हुआ घायल अवस्था में मिला था. परिवार ने उसे बेसहारा छोड़ने के बजाय घर लाया, उसका इलाज किया और नाम रखा ‘माऊ’. धीरे-धीरे माऊ इस कदर परिवार में घुल-मिल गया कि वह घर का एक अभिन्न सदस्य बन गया. परिवार ने उसे कभी पिंजरे में कैद नहीं रखा, बल्कि एक बेटे की तरह आजाद और लाड़-प्यार से पाला.
13 जुलाई की शाम अचानक उड़ गया ‘माऊ’ (Missing Parrot Agra)
बीती 13 जुलाई की शाम करीब साढ़े चार बजे माऊ अचानक घर से कहीं उड़ गया. जब वह काफी देर तक वापस नहीं लौटा, तो परिवार की चिंता बढ़ गई. उन्होंने आसपास के इलाकों में काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला. माऊ के जाने के बाद से पूरे घर में अजीब सी खामोशी छाई हुई है और परिवार का हर सदस्य बेहाल है.
पहचान के लिए बताए खास निशान
माऊ की तलाश के लिए अब परिवार ने सोशल मीडिया से लेकर सड़कों तक मुहिम छेड़ दी है. आगरा के व्यस्त बोदला चौराहे पर तोते की तस्वीर के साथ एक बड़ा होर्डिंग लगाया गया है. परिवार के मुताबिक, माऊ की पहचान उसकी चोंच और पंखों पर मौजूद काले धब्बे हैं. उन्होंने लोगों से अपील की है कि यदि माऊ कहीं दिखे तो उसे डराने या पकड़ने की कोशिश न करें, बल्कि तुरंत परिवार को सूचना दें.
सूचना देने वाले को मिलेगा 50 हजार का इनाम (Parrot Reward 50000)
पक्षी विरह में तड़प रहे इस परिवार ने एलान किया है कि जो कोई भी माऊ को सुरक्षित घर पहुंचाएगा या उसके बारे में पक्की जानकारी देगा, उसे 50,000 रुपये की नकद राशि इनाम में दी जाएगी. अधिवक्ता सुनील कुमार सिंह का कहना है कि माऊ उनके लिए केवल एक पक्षी नहीं, बल्कि उनके घर का सदस्य और उनकी दिनचर्या का हिस्सा था. यह घटना समाज को पशु-पक्षियों के प्रति संवेदनशील होने और उनसे जुड़ाव रखने की एक अनूठी मिसाल पेश करती है.
यह भी पढ़ें: शराब का नशा या सिंघम का भूत? पुलिस चौकी के अंदर घुसकर शराबी ने फाड़े सरकारी कागज; देखें VIDEO
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

