Bharat Express DD Free Dish

मामूली विवाद में हैवान बना पति, पत्नी को बेरहमी से मारकर हुआ फरार; अब पुलिस की गिरफ्त में

उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले के कासिमपुर थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां गौरी दायमपुर गांव में एक शराबी दिहाड़ी मजदूर ने मामूली विवाद के बाद अपनी पत्नी की सिलबट्टे से वार कर बेरहमी से हत्या कर दी. मृतका ने अपने 3 साल के बच्चे को महज 5 दिन पहले ही दिल्ली भेजा था

Hardoi, Crime News

Hardoi Murder Case: उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. यहां के कासिमपुर थाना इलाके के गौरी दायमपुर गांव में शुक्रवार देर शाम मामूली पारिवारिक विवाद ने इतना तूल पकड़ लिया कि एक पति ने अपनी ही पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी. आरोपी पति ने गुस्से में आकर घर में रखे सिलबट्टे से पत्नी के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए. चोट इतनी गंभीर थी कि महिला ने मौके पर ही तड़प-तड़पकर दम तोड़ दिया. इस सनसनीखेज वारदात के बाद से पूरे गांव में मातम और दहशत का माहौल है.

शराब के नशे में अक्सर करता था मारपीट

गांव वालों से मिली जानकारी के मुताबिक गौरी दायमपुर का रहने वाला कुंज बिहारी पेशे से दिहाड़ी मजदूर है और उसे शराब की बुरी लत है. वह आए दिन शराब के नशे में धुत होकर अपनी 35 वर्षीय पत्नी मोनी के साथ मारपीट करता था. शुक्रवार की शाम भी दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई जो देखते ही देखते खूनी खेल में बदल गई.

दंपती का एक तीन साल का बेटा है, जिसका नाम युवराज है. गनीमत यह रही कि वारदात के वक्त मासूम घर पर नहीं था. रोज-रोज के झगड़ों और मारपीट से तंग आकर मोनी ने महज पांच दिन पहले ही अपने लाडले को जेठ भगवान के साथ दिल्ली भेज दिया था ताकि वह इस माहौल से दूर रह सके.

ये भी पढ़ें- राम मंदिर चढ़ावा केस: 39 घंटे की पुलिस रिमांड पर भेजे गए दोनों आरोपी, अब खुलेगा गबन का पूरा राज?

सामूहिक विवाह में बंधा था बंधन

बताया जा रहा है कि कुंज बिहारी और मोनी की शादी साल 2017 में लखनऊ में एक सामूहिक विवाह सम्मेलन के जरिए हुई थी. मृतका का मायका लखनऊ के चौक इलाके में है. घटना की जानकारी मिलते ही सीओ संडीला संतोष कुमार सिंह और कासिमपुर थानाध्यक्ष घनश्याम राम भारी पुलिस बल और फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंच गए.

फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स ने घटनास्थल से जरूरी सबूत जुटाए हैं जिसके बाद पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है. पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए हत्यारे पति कुंज बिहारी को गिरफ्तार कर लिया है और उसके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read

Latest