Delhi Metro (AI IMAGE)
नीट पेपर को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी का विरोध प्रदर्शन जारी है. सीजेपी अभी भी शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे को लेकर अड़ा हुआ है. 20 जुलाई को संसद मार्च के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हुई झड़प के बाद केंद्रीय दिल्ली यातायात पूरी तरह से प्रभावित है. लगातार दो दिनों से बंद सेंट्रल दिल्ली की मेट्रो सेवा आज तीसरे दिन भी बंद है, जिसमें 18 मेट्रो स्टेशन शामिल हैं.
कौन-कौन से मेट्रो स्टेशन हैं शामिल?
दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन ने जानकारी दी है कि शनिवार यानी 25 जुलाई को भी कई मेट्रो स्टेशन बंद रहेंगे, जिसमें 18 मेट्रो स्टेशन शामिल है. इनमें लोक कल्याण मार्ग, राजीव चौक, पटेल चौक, रामकृष्ण आश्रम मार्ग, बाराखंभा रोड, सुप्रीम कोर्ट, सेवा तीर्थ, जनपथ, मंडी हाउस, सेंट्रल सेक्रेटेरिएट, ITO, दिल्ली गेट, इंद्रप्रस्थ, खान मार्केट, जोर बाग, शिवाजी स्टेडियम, झंडेवालान और नई दिल्ली मेट्रो स्टेशन शामिल हैं.
हालांकि, राजीव चौक, मंडी हाउस और सेंट्रल सेक्रेटेरिएट पर इंटरचेंज की सुविधा मिलेगी.
दो दिनों से यातायात प्रभावित
बता दें कि पिछले दो दिनों से केंद्रीय दिल्ली का यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा है. सीजेपी प्रदर्शन और हाल ही में जंतर-मंतर पर हुई हिंसा के कारण लोगों को इन समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है. कई मेट्रो स्टेशन बंद होने के कारण सड़कों पर भारी जाम देखने को मिल रहा है. साथ ही, सड़कों पर बैरिकेडिंग के चलते यात्रियों को लगभग 40 से 45 मिनट तक की देरी का सामना करना पड़ रहा है.
क्यों बंद किए गए मेट्रो स्टेशन?
दरअसल, 20 जुलाई को सीजेपी के शांतिपूर्ण तरीके से शुरू हुआ विरोध प्रदर्शन और संसद मार्च ने हिंसक रूप ले लिया था. अधिकारियों के अनुसार, ऐसा कदम संवेदनशील इलाकों में कानून-व्यवस्था को बनाए रखने के लिए उठाया गया है.
वहीं, डीएमआरसी ने यात्रियों को हुई असुविधा के लिए खेद व्यक्त किया और उनसे अपनी यात्रा की योजना उसी अनुसार बनाने का आग्रह किया. सुरक्षा एजेंसियों द्वारा किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए बंद स्टेशनों और विरोध प्रदर्शन वाली जगहों के आसपास सुरक्षा बल की तैनाती बढ़ाने की उम्मीद है.
ये भी पढ़ें: मानसून का तांडव या राहत? दिल्ली-यूपी से लेकर 15 राज्यों में भारी बारिश और आंधी का भयंकर रेड अलर्ट जारी!
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


