Bharat Express DD Free Dish

‘भगवान विठ्ठल सभी को शांति और समृद्धि दें’, आषाढ़ी एकादशी पर अमित शाह ने वारकरी भक्तों को शुभकामनाएं दी

देवशयनी आषाढ़ी एकादशी 2026 के अवसर पर लोकसभा स्पीकर ओम बिरला, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, जेपी नड्डा, पीयूष गोयल, शिवराज सिंह चौहान और गजेंद्र सिंह शेखावत समेत कई नेताओं ने देशवासियों को शुभकामनाएं दीं.

Amit Shah

देवशयनी आषाढ़ी एकादशी के पावन अवसर पर लोकसभा स्पीकर ओम बिरला, केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह समेत कई केंद्रीय मंत्रियों और नेताओं ने देशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं. सभी नेताओं ने भगवान श्रीहरि विष्णु और भगवान विट्ठल से प्रार्थना की कि उनकी कृपा सभी पर बनी रहे तथा देश में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली का वातावरण बना रहे.

अमित शाह ने दी शुभकामनाएं

केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने आषाढ़ी एकादशी की शुभकामनाएं देते हुए विशेष रूप से भगवान विट्ठल की आराधना करने वाले वारकरी भक्तों को बधाई दी. उन्होंने कहा कि भगवान विट्ठल और माता रखुमाई सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और नई ऊर्जा का संचार करें.

केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने भी देशवासियों को इस पावन पर्व की शुभकामनाएं दीं. वहीं, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने कहा कि देवशयनी एकादशी के साथ पवित्र चातुर्मास का शुभारंभ होता है. उन्होंने भगवान श्रीहरि विष्णु से सभी के जीवन में आध्यात्मिक उन्नति, सुख, शांति और समृद्धि की कामना की.

सेवा का संदेश देने वाला पर्व- ओम बिरला

लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर अपने संदेश में कहा कि देवशयनी आषाढ़ी एकादशी आस्था, तप, संयम और भक्ति का दिव्य पर्व है. उन्होंने कहा कि यह अवसर लोगों को आत्मचिंतन, सेवा और सत्कर्म के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है. उन्होंने भगवान श्रीहरि विष्णु से सभी के जीवन में सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य, शांति और नई ऊर्जा के संचार की कामना की. साथ ही चातुर्मास का यह पवित्र काल सभी के लिए मंगलमय होने की प्रार्थना की.


ये भी पढ़ें: ‘थैंक्यू फ्रेंड्स…’ पीएम मोदी का देर रात नया इंस्टाग्राम वीडियो, युवाओं का जीता दिल


हर घर में सुख-समृद्धि की कामना

केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने अपने संदेश में कहा कि भगवान श्रीहरि की कृपा से हर घर धन-धान्य से परिपूर्ण रहे और समाज में सुख, शांति तथा समृद्धि का वास हो. वहीं, केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी भगवान विष्णु से सभी के जीवन में खुशहाली, आनंद और समृद्धि बनाए रखने की प्रार्थना की.

धार्मिक मान्यता के अनुसार, देवशयनी आषाढ़ी एकादशी के दिन भगवान श्रीहरि विष्णु योगनिद्रा में प्रवेश करते हैं और इसी के साथ चार महीने के चातुर्मास की शुरुआत होती है. इस अवधि में पूजा-पाठ, व्रत, जप और धार्मिक अनुष्ठानों का विशेष महत्व माना जाता है.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read