शत्रुघ्न सिन्हा ने पीएम मोदी को एडवांस में दी बर्थडे की बधाई
राजनीति में मतभेद और पुरानी प्रतिद्वंद्विता अपनी जगह है, लेकिन जब बात निजी रिश्तों और शुभकामनाओं की आती है, तो ‘शॉटगन’ के नाम से मशहूर शत्रुघ्न सिन्हा हमेशा अपने अलग अंदाज के लिए जाने जाते हैं. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन से ठीक एक दिन पहले तृणमूल कांग्रेस (TMC) के सांसद और दिग्गज अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा ने उन्हें सोशल मीडिया पर एडवांस में बधाई देकर हर किसी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है.
शत्रुघ्न सिन्हा ने पीएम मोदी के साथ अपनी कुछ पुरानी तस्वीरें शेयर की हैं. इनमें से एक तस्वीर में वह पीएम मोदी को गले लगाते दिख रहे हैं, तो दूसरी में दोनों मुस्कुराते हुए हाथ मिला रहे हैं.
‘कल शुभकामनाओं की बाढ़ में खो जाने से पहले…’
सोशल मीडिया पर इन थ्रोबैक तस्वीरों को पोस्ट करते हुए शत्रुघ्न सिन्हा ने बड़े ही दोस्ताना अंदाज में लिखा, ‘कल आने वाली शुभकामनाओं की बाढ़ में खो जाने से पहले, आपको एडवांस में जन्मदिन की बहुत-बहुत बधाई.
Wishing you in advance before it gets lost in the flood of good well wishes tomorrow. How do you like the idea Sirji?
Many happy returns of the day for our friend, friend of society, hon’ble PM @narendramodi. May you be blessed with great well-being,love, happiness, peace & a… pic.twitter.com/oL57QKRQnv— Shatrughan Sinha (@ShatruganSinha) September 16, 2026
हमारा यह अंदाज आपको कैसा लगा? हमारे दोस्त, समाज के दोस्त और देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं. ईश्वर आपको अच्छी सेहत, ढेर सारा प्यार, खुशी, शांति और लंबा जीवन दे. गॉड ब्लेस यू.’
BJP के केंद्रीय मंत्री से TMC सांसद तक का सफर
बॉलीवुड में ‘कालीचरण’, ‘विश्वनाथ’, ‘दोस्ताना’ और ‘काला पत्थर’ जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्मों से अपनी खास पहचान बनाने वाले शत्रुघ्न सिन्हा ने 90 के दशक में राजनीति में कदम रखा था.
शत्रुघ्न सिन्हा ने अपना राजनीतिक करियर बीजेपी के साथ शुरू किया था. वह अटल बिहारी वाजपेयी सरकार में केंद्रीय मंत्री भी रहे और पटना साहिब से दो बार लोकसभा सांसद चुने गए.
बीजेपी से मनमुटाव के बाद उन्होंने 2019 में कांग्रेस का दामन थामा, लेकिन पटना साहिब से चुनाव हार गए. इसके बाद 2022 में वह ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस में शामिल हो गए. शत्रुघ्न सिन्हा ने पश्चिम बंगाल की आसनसोल सीट से उपचुनाव जीतकर संसद में वापसी की और 2024 के लोकसभा चुनाव में भी इसी सीट से टीएमसी के टिकट पर शानदार जीत हासिल की.
यह भी पढ़ें: Explainer: नए UPI फ्रेमवर्क में P2P लेन-देन पूरी तरह फ्री, ₹2000 से कम के मर्चेंट पेमेंट पर भी नहीं लगेगा MDR
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


