PM Modi 76 th Birthday: देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज 17 सितंबर को अपने जीवन के 76वें वर्ष में प्रवेश कर रहे हैं. उनके 76वें जन्मदिन और सार्वजनिक जीवन में मुख्यमंत्री व प्रधानमंत्री के रूप में सफल 25 वर्ष पूरे होने के इस दोहरे और ऐतिहासिक अवसर पर भारतीय जनता पार्टी आज से पूरे देश में ‘सेवा संकल्प’ अभियान का शंखनाद करने जा रही है.
इस खास मौके पर पीएम मोदी के संसदीय क्षेत्र काशी (वाराणसी) से उनकी जन्मस्थली गुजरात के वडनगर तक एक विशाल ‘सेवा संकल्प बाइक यात्रा’ (Seva Sankalp bike yatra) निकाली जाएगी, जिसे देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज दोपहर रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर से हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे.
बाबा विश्वनाथ के जलाभिषेक से होगा आगाज
पीएम मोदी के स्वस्थ जीवन और दीर्घायु की कामना के साथ आज सुबह से ही काशी की पवित्र धरती पर धार्मिक अनुष्ठान शुरू हो रहे हैं. सुबह 10 बजे 51 सेवा यात्री (बाइकर्स) ललिता घाट पहुंचेंगे और गंगाजल भरकर डमरू दल की गूंज और शंखनाद के बीच श्री काशी विश्वनाथ मंदिर की ओर प्रस्थान करेंगे.
इसके बाद रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ मंदिर पहुंचकर गंगाजल से बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक करेंगे और देश के प्रधानमंत्री के लिए विशेष ‘महारुद्राभिषेक’ करेंगे.
रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में जुटेंगे दिग्गज(PM Modi Birthday Seva Sankalp)
काशी के रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में दोपहर 12 बजे से मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा. इसमें आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान, यूपी के प्रभारी मंत्री सुरेश खन्ना और बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष समेत कई दिग्गज नेता शामिल होंगे.
अतिथिगण यहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक व राजनीतिक जीवन पर आधारित एक भव्य चित्र प्रदर्शनी का अवलोकन करेंगे. इसके बाद जनसभा को संबोधित करते हुए रक्षा मंत्री और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ‘सेवा संकल्प बाइक यात्रा’ को हरी झंडी दिखाकर वडनगर के लिए रवाना करेंगे.
22 दिनों की ‘सेवा संकल्प बाइक यात्रा'(Seva Sankalp bike yatra)
बीजेपी काशी क्षेत्र के अनुसार, आज से शुरू होकर अगले 22 दिनों तक चलने वाली यह बाइक यात्रा भारतीय युवाओं को जनसेवा से जोड़ने का बड़ा माध्यम बनेगी. यात्रा में देश भर से आए भाजयुमो (BJYMOV) के 500 युवा सेवा यात्री 10 अलग-अलग मार्गों से अपनी बाइक्स पर वडनगर के लिए निकलेंगे.
‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ का संदेश देने वाली यह यात्रा 10 राज्यों, 193 जिलों, 773 तहसीलों और 1,159 गांवों तक पहुंचेगी. अकेले उत्तर प्रदेश में यह यात्रा 50 जिलों और 187 पड़ावों से गुजरेगी, जहां जगह-जगह सामाजिक सरोकार के काम किए जाएंगे.
आज शाम हर बूथ पर जलेंगे 200 दीये
वाराणसी के प्रभारी मंत्री सुरेश खन्ना और बीजेपी संगठन ने बताया कि 17 सितंबर की शाम ढलते ही पूरे उत्तर प्रदेश में उत्सव (PM Modi Birthday Seva Sankalp) का माहौल दिखाई देगा. पार्टी के तय प्लान के मुताबिक, आज शाम राज्य के प्रत्येक राजनीतिक बूथ पर एक साथ 200-200 दीये जलाए जाएंगे. दीपदान के इस कार्यक्रम के माध्यम से प्रधानमंत्री मोदी के लंबे जीवन की कामना की जाएगी और जनता के प्रति आभार व्यक्त किया जाएगा.
इसके साथ ही आज से महीने भर चलने वाले ‘सेवा पखवाड़े’ के तहत रक्तदान, पौधरोपण और स्वच्छता अभियानों की भी शुरुआत हो रही है.
ये भी पढ़ें- मक्का हमले के नाम पर नया दांव? अब्राहम डील में शामिल होने की पटकथा तैयार?
‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना से जुड़ेगा युवा मोर्चा
भाजयुमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. हेमांग जोशी ने बताया कि काशी से वडनगर और वडनगर से काशी की ओर एक साथ शुरू होने वाली यह यात्रा केवल एक आयोजन नहीं है बल्कि देश के युवाओं को राष्ट्रनिर्माण से जोड़ने का महा-अभियान है. रास्ते में पड़ने वाले हर पड़ाव पर युवा यात्री स्थानीय नागरिकों से सीधा संवाद करेंगे और पीएम मोदी के 25 सालों के सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के मॉडल को जन-जन तक पहुंचाएंगे.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
