भोपाल में दुकान की आड़ में चल रहा था अवैध हथियारों का कारखाना
Bhopal Illegal Arms Factory: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में क्राइम ब्रांच ने अवैध हथियारों के निर्माण और बिक्री के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. तलैया थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक ऐसी दुकान का खुलासा किया है, जहां कथित तौर पर धारदार हथियार तैयार किए जा रहे थे. पुलिस ने मौके से बड़ी संख्या में तैयार और अधबने चाकू-छुरियों के साथ हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाली मशीनरी और औजार बरामद किए हैं. मामले में दुकान संचालक रफत अली को गिरफ्तार किया गया है.
क्राइम ब्रांच के मुताबिक पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि तलैया इलाके में संचालित ‘फाइन शार्पिंग शॉप’ की आड़ में अवैध तरीके से धारदार हथियार बनाए और बेचे जा रहे हैं. सूचना की पुष्टि के बाद टीम ने दुकान पर दबिश दी. तलाशी के दौरान पुलिस को मौके पर कई तरह की मशीनें और हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाला सामान मिला.

पुलिस ने मौके से 12 बड़ी धारदार लोहे की छुरियां बरामद की हैं. इसके अलावा छुरी बनाने के काम आने वाली मूठ लगी 6 बिना धार की ब्लेड और 7 कच्ची ब्लेड भी मिली हैं. पुलिस के अनुसार दुकान में हथियारों को तैयार करने और उनकी धार तेज करने के लिए बाकायदा मशीनरी लगाई गई थी.
हथौड़ी, आरी और प्लास जैसे औजार बरामद
तलाशी के दौरान जमीन में स्थायी रूप से गड़ी बड़ी ग्राइंडर मशीन, धार लगाने वाली मशीन, ड्रिल मशीन और बड़ा कटर बरामद किया गया. इसके साथ ही हथौड़ी, निहाई, हैंड ग्राइंडर, दो इलेक्ट्रिक मोटर, छैनी, आरी और प्लास जैसे औजार भी मिले हैं. छुरियों की मूठ तैयार करने में इस्तेमाल होने वाली करीब 50 रिवेट और फाइबर सामग्री भी पुलिस ने जब्त की है.
ये भी पढ़ें- अलीगढ़ से लखीमपुर तक: किसी के सगे नहीं ये 10 जिले, 2012 में सपा को दिया राज तो 2022 में बीजेपी को दिया ताज
क्राइम ब्रांच ने आरोपी रफत अली को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि तैयार किए जा रहे धारदार हथियारों की बिक्री कहां और किन लोगों को की जाती थी. साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस कथित अवैध हथियार कारोबार से कोई और व्यक्ति जुड़ा हुआ है या नहीं. मामले में आगे की कार्रवाई जारी है.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


