Bharat Express DD Free Dish

मेरठ में बिल्ली के बच्चे पर छिड़ी महाभारत: मामूली बात पर आमने-सामने आए पड़ोसी; धारदार हथियारों से किया हमला

उत्तर प्रदेश के मेरठ में शौकीन गार्डन इलाके में एक बिल्ली के बच्चे को लेकर दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष छिड़ गया. मामूली विवाद ने तूल पकड़ा तो दोनों तरफ से जमकर ईंट-पत्थर चले, धारदार हथियार लहराए गए और फायरिंग का भी आरोप लगा. इस हिंसक झड़प में चार लोग घायल हो गए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

Meerut News

बिल्ली के बच्चे पर छिड़ी महाभारत

Meerut News: उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले के लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र स्थित शौकीन गार्डन इलाके में एक बेहद अजीबोगरीब और मामूली बात पर खूनी संघर्ष छिड़ गया. बिल्ली के बच्चे को लेकर हुए विवाद ने इतना तूल पकड़ा कि दो पक्षों के बीच जमकर ईंट-पत्थर चले और धारदार हथियार लहराए गए. इस हिंसक झड़प में दोनों पक्षों के चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें पुलिस ने तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया है.

क्या है पूरा मामला?

स्थानीय निवासी जहीर कबाड़ी का काम करते हैं. उनके घर में एक बिल्ली का बच्चा पला हुआ था, जो करीब एक महीने पहले कहीं चला गया था. लेकिन गुरुवार को अचानक वह बिल्ली का बच्चा घूमता हुआ वापस जहीर के घर आ गया, जिसे उनके बच्चों ने घर के अंदर सुरक्षित बांध दिया.

आरोप है कि इसके बाद पड़ोस में रहने वाले नईम कुछ महिलाओं के साथ बिल्ली का बच्चा वापस मांगने जहीर के घर पहुंच गया. इस दौरान जहीर की पत्नी आमिर जहां से उसकी तीखी बहस हो गई. आरोप है कि नईम और उसके साथ आई महिलाओं ने महिला के साथ मारपीट शुरू कर दी.

रात में लौटने के बाद बढ़ा विवाद

जब जहीर रात को काम से घर लौटे, तो उनकी पत्नी ने उन्हें पूरी आपबीती सुनाई. इसके बाद गुस्से में जहीर अपने बहनोई हसीन, भाई इमरान और साले रिहान के साथ बातचीत करने के लिए नईम के पक्ष के पास गए. देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच कहासुनी इतनी बढ़ गई कि मामला मारपीट में बदल गया.

जहीर पक्ष का आरोप है कि नईम, उसके बेटों वसीम, अयान, मैनू और कुछ अन्य लोगों ने उन पर धारदार हथियारों से हमला बोल दिया. इस दौरान ताबड़तोड़ ईंट-पत्थर फेंके गए और एक पक्ष की ओर से फायरिंग किए जाने का भी गंभीर आरोप लगाया गया है.

ये भी पढ़ें- काशी में गणेशोत्सव की धूम: छत्रपति शिवाजी महाराज सम्मान से विभूषित हुए प्रदीप नारायण सिंह

अस्पताल के बाहर जुटी भीड़

इस खूनी संघर्ष में हसीन की आंख में गंभीर चोट आई, जबकि जहीर का दांत टूट गया. वहीं, इमरान और रिहान के हाथ और पेट पर धारदार हथियारों से वार किए गए, जिससे वे लहूलुहान हो गए. अचानक हुई इस हिंसा से पूरे इलाके में भगदड़ और दहशत का माहौल बन गया.

सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और सभी घायलों को हापुड़ रोड स्थित आरएम हॉस्पिटल पहुंचाया. घटना की खबर फैलते ही अस्पताल के बाहर भी भारी भीड़ जमा हो गई. घायल पक्ष की ओर से थाने में लिखित शिकायत दी जा चुकी है.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read