Bharat Express DD Free Dish

‘सनातन परंपरा को अपमानित करने का रचा जा रहा षड्यंत्र…’ हामिद अंसारी के बयान पर भड़के सीएम योगी

पूर्व उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी के ‘हिंदू सांप्रदायिकता’ वाले बयान पर यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने तीखा पलटवार किया है. उन्होंने इसे सनातन परंपरा को अपमानित करने और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत को बदनाम करने की साजिश करार दिया.

CM Yogi Slams Hamid Ansari Over Hindu Communalism Remarks Bharat Express

CM Yogi Slams Hamid Ansari: पूर्व उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी द्वारा ‘हिंदू सांप्रदायिकता’ को लेकर दिए गए विवादित बयान पर देश की राजनीति गरमा गई है. उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस मामले पर तीखा पलटवार करते हुए इसे भारत और उसकी सनातन परंपरा को दुनिया भर में बदनाम करने की साजिश बताया है. ग्रेटर नोएडा में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने कहा कि संवैधानिक पदों पर रहे कुछ लोगों की फितरत ही मर्यादाओं को तोड़ने की बन जाती है.

यह पूरा विवाद तब शुरू हुआ जब पूर्व उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी ने नई दिल्ली स्थित इंडिया इस्लामिक कल्चरल सेंटर में एक कार्यक्रम के दौरान पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू का जिक्र करते हुए कहा था कि भारत के लिए असली खतरा वामपंथ नहीं, बल्कि हिंदू राइट-विंग सांप्रदायिकता है.

‘भारत विरोधी ताकतों के एजेंडे पर चल रहे कुछ लोग’

उत्कर्ष नारी सम्मान, युवा स्वाभिमान’ के समापन समारोह में बोलते हुए सीएम योगी ने पूर्व उपराष्ट्रपति के बयानों को ‘डरावना’ और ‘दुर्भाग्यपूर्ण’ करार दिया.

सीएम योगी ने कहा कि इस तरह के वक्तव्य उन भारत विरोधी ताकतों के दुष्प्रचार का हिस्सा हैं, जो वैश्विक मंचों पर देश की छवि को धूमिल करना चाहती हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व उपराष्ट्रपति ने शुद्ध रूप से सनातन और हिंदू परंपरा को अपमानित करने तथा उसे आतंकवाद से जोड़ने का कुत्सित प्रयास किया है.

इसी दौरान सीएम योगी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी निशाना साधा और कहा कि जिन्होंने नारी शक्ति और मर्यादाओं का सम्मान करना नहीं सीखा, ऐसे पथभ्रष्ट लोगों से देश को कोई उम्मीद नहीं रखनी चाहिए.

हामिद अंसारी के किस बयान से मचा बवाल?

बता दें कि शुक्रवार को दिवंगत संवैधानिक विशेषज्ञ और लेखक एजी नूरानी की किताब ‘The RSS: A Menace to India’ से जुड़े एक कार्यक्रम में हामिद अंसारी पहुंचे थे.

वहां भाषण देते हुए उन्होंने पूर्व विदेश सचिव गुंडेविया के संस्मरणों और जवाहरलाल नेहरू के विचारों का हवाला दिया. उन्होंने कहा, “भारत के लिए असली खतरा वामपंथ नहीं, बल्कि हिंदू राइट-विंग कम्युनलिज्म है.” अंसारी ने चिंता जताते हुए कहा था कि देश में ऐसे ट्रेंड्स उभर रहे हैं जो नागरिक राष्ट्रवाद (Civic Nationalism) के सिद्धांतों को सीधी चुनौती दे रहे हैं.

विश्व हिंदू परिषद (VHP) ने भी साधा निशाना

हामिद अंसारी के इस बयान के बाद विश्व हिंदू परिषद (वीएचपी) ने भी कड़ा एतराज जताया है. वीएचपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुरेंद्र जैन ने कहा कि पूर्व उपराष्ट्रपति ने एक बार फिर भारत की महान परंपराओं को नीचा दिखाने की जुर्रत की है.

जैन ने तंज कसते हुए कहा कि यह वही हामिद अंसारी हैं जिन्होंने पहले दावा किया था कि भारत में मुसलमान असुरक्षित महसूस कर रहे हैं और जिन्होंने सुप्रीम कोर्ट के राम जन्मभूमि फैसले से असहमति जताई थी. वीएचपी प्रवक्ता ने कहा कि दुनिया में सबसे ज्यादा मस्जिदें और धार्मिक आजादी भारत में ही है, इसके बावजूद देश को बदनाम करने वाले ऐसे बयानों की कड़ी निंदा की जानी चाहिए.

यह भी पढ़ें: पेंशन को लेकर विवाद के बीच बुजुर्ग महिला की मौत, पिता-पुत्र पर तेजाब फेंके जाने का आरोप

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read