Bharat Express DD Free Dish

पुरानी दिल्ली को मिलेगा नया पहचान-चिह्न: चांदनी चौक का टाउन हॉल बनेगा टूरिज्म और कल्चरल हब

दिल्ली सरकार और नगर निगम (MCD) ने चांदनी चौक स्थित 160 साल पुराने ऐतिहासिक टाउन हॉल को ‘ग्लोबल हेरिटेज सेंटर’ के रूप में संवारने का फैसला किया है.

Delhi Historic Town Hall in Chandni Chowk to Become Global Heritage Centre

Delhi CM Rekha Gupta

Chandni Chowk to Become Global Heritage Centre: पुरानी दिल्ली के दिल चांदनी चौक में स्थित ऐतिहासिक टाउन हॉल को अब एक नया रूप मिलने जा रहा है. दिल्ली सरकार और दिल्ली नगर निगम (MCD) ने मिलकर इस ऐतिहासिक इमारत को ‘ग्लोबल हेरिटेज सेंटर’ के रूप में विकसित करने का फैसला किया है. इसके लिए दिल्ली पर्यटन एवं परिवहन विकास निगम (DTDC) और MCD के बीच एक समझौता ज्ञापन (MoU) पर दस्तखत किए गए हैं.

160 साल पुराना है इतिहास

साल 1860 से 1866 के बीच बना यह टाउन हॉल दिल्ली की विरासत का एक अहम हिस्सा है. करीब 12,180 वर्गमीटर में फैले इस विशाल परिसर में दशकों तक दिल्ली नगर निगम का मुख्यालय रहा. हालांकि, 2010 में निगम का मुख्यालय मिंटो रोड स्थित सिविक सेंटर में शिफ्ट होने के बाद से यह इमारत काफी हद तक खाली पड़ी थी. अब इसके दिन बहुरने वाले हैं.

क्या होगा नया?

परियोजना का मुख्य उद्देश्य इमारत के मूल ऐतिहासिक और स्थापत्य स्वरूप से छेड़छाड़ किए बिना इसका बेहतर इस्तेमाल करना है. नए प्लान के तहत इस परिसर में:

  • एक भव्य संग्रहालय और सांस्कृतिक केंद्र बनाया जाएगा.
  • पर्यटकों के लिए आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी.
  • प्रेस बिल्डिंग और आसपास के पार्क को भी संवारा जाएगा.

चांदनी चौक और पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन के बेहद करीब होने के कारण इसे एक बड़े टूरिस्ट हब के रूप में देखा जा रहा है.

DTDC को मिली जिम्मेदारी

MoU के तहत DTDC इस ऐतिहासिक इमारत का स्ट्रक्चरल असेसमेंट और विस्तृत प्रोजेक्ट रिपोर्ट (DPR) तैयार करेगा. इसके बाद इसे सार्वजनिक निवेश या PPP मॉडल पर विकसित किया जाएगा. परियोजना की निगरानी के लिए एक संयुक्त समिति बनाई जाएगी. यह समझौता शुरुआती तौर पर 30 सालों के लिए हुआ है, जिसे आगे भी बढ़ाया जा सकता है.

मुख्यमंत्री ने इस पहल को पुरानी दिल्ली के गौरवशाली इतिहास को नई पीढ़ी और विदेशी पर्यटकों से जोड़ने वाला एक बड़ा कदम बताया है. वहीं, पर्यटन विभाग का मानना है कि इससे हेरिटेज टूरिज्म को काफी बढ़ावा मिलेगा.

यह भी पढ़ें: बाबा बागेश्वर का ‘सोने की खड़ाऊ’ पर बड़ा बयान, बोले- अगली बार डायमंड की खड़ाऊ बुक करेंगे

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read