दिल्ली के छतरपुर में गरजा DDA का बुलडोजर
Delhi Bulldozer Action: खुशी/दिल्ली: राजधानी दिल्ली के छतरपुर विधानसभा क्षेत्र स्थित सतबड़ी गौशाला इलाके में सोमवार को डीडीए (DDA) का बुलडोजर जमकर गरजा. डीएम साउथ के आदेश पर शुरू हुई इस कार्रवाई के तहत इलाके में सड़क चौड़ीकरण के रास्ते में आ रहे करीब 20 मकानों और कुछ फार्महाउसों को जमींदोज कर दिया गया. मौके पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए दिल्ली पुलिस और अर्द्धसैनिक बलों की भारी तैनाती की गई थी.
48 घंटे पहले मिला था नोटिस
प्रशासन का कहना है कि बुलडोजर चलाने से करीब 48 घंटे पहले ही स्थानीय निवासियों को इस संबंध में नोटिस जारी कर दिया गया था. कार्रवाई के दौरान इलाके की बिजली काट दी गई और मीटर भी हटा लिए गए. प्रशासन के मुताबिक, यह पूरी कवायद इलाके में सड़क चौड़ीकरण के लिए की जा रही है, जिससे आने वाले समय में लोगों को ट्रैफिक जाम से मुक्ति मिलेगी और आवाजाही आसान होगी.
सामान निकालने का भी नहीं मिला समय
दूसरी ओर, इस अचानक हुई कार्रवाई से स्थानीय निवासियों में भारी रोष और बेबसी देखने को मिली. पीड़ित लोगों का आरोप है कि महज 48 घंटे का वक्त बहुत कम था, जिसके कारण वे न तो अपने रहने का कोई दूसरा इंतजाम कर पाए और न ही घरों से अपना सामान सुरक्षित बाहर निकाल सके. कार्रवाई के दौरान कई परिवारों के सामान का काफी नुकसान हुआ है. हालांकि, पीड़ितों का कहना है कि डीएम प्रशासन की तरफ से उन्हें मुआवजे का आश्वासन भी दिया गया है.
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
कार्रवाई के दौरान किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए पुलिस और अर्द्धसैनिक बल के जवान पूरे इलाके में मुस्तैद रहे. डीडीए अधिकारियों का कहना है कि सड़क चौड़ा होने से इलाके के इंफ्रास्ट्रक्चर में सुधार होगा, लेकिन फिलहाल अपने आशियाने उजड़ते देख स्थानीय लोग खासे परेशान नजर आए.
यह भी पढ़ें: गौतम गंभीर ने अमित शाह को भेंट की गणपति प्रतिमा, बोले – आपके मार्गदर्शन के लिए आभार
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.





