सोशल मीडिया पर बॉलिवुड तो अक्सर ही वायरल रहते है. लेकिन इस बार एक अभिनेता की ऐसी तस्वीर वायरल हो रही है, जिसने लोगों को इसे शेयर करने पर मजबूर कर दिया. यह तस्वीर किसी और नहीं बल्कि दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की है. इस तस्वीर से दावा किया जा रहा है कि यह सुशांत के आखिरी समय की तस्वीर है.
क्या है वायरल?
दरअसल, हाल ही में दिवंगत सेलिब्रिटी मैनेजर दिशा सालियान केस की जांच दोबारा शुरू हुई है. इसी के बाद से इंटरनेट पर यह तस्वीर तेजी से वायरल हो रही है. बता दें कि इस तस्वीर को एक इंस्टाग्राम यूजर ने 19 सितंबर को पोस्ट किया था. इसी के साथ यूजर ने कैप्शन में यह भी लिखा, ‘सुशांत सिंह राजपूत भाई के मर्डर का खुलासा’.
देखते ही देखते यह तस्वीर इंटरनेट पर वायरल हो गया, जिसमें एक लड़की सुशांत को पकड़े हुए दिख रही है और दो लोग पास खड़े हैं.
क्या है असल सच?
जब तस्वीर से जुड़े कीवर्ड्स को सर्च किया गया, तो ऐसी किसी वास्तविक तस्वीर या रिपोर्ट का कोई रिकॉर्ड नहीं मिला. फोटो को ध्यान से देखने पर लोगों के चेहरों की बनावट में असमानता नजर आई, जिससे इसके एआई निर्मित होने का शक हुआ.
इसके बाद जब तस्वीर को एआई डिटेक्शन टूल्स पर स्कैन किया गया, तो टूल्स ने 83% से लेकर 94% तक इस फोटो के आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से बने होने के संकेत दिए.
क्यों फिर चर्चा में आया सुशांत का नाम?
जून 2020 में सुशांत सिंह राजपूत मुंबई स्थित अपने फ्लैट में संदिग्ध परिस्थितियों में मृत पाए गए थे, जिसकी जांच सीबीआई द्वारा की गई थी. हाल ही में बॉम्बे हाईकोर्ट ने दिशा सालियान केस की जांच में गंभीर खामियों का हवाला देते हुए सीबीआई को नए सिरे से एफआईआर दर्ज कर जांच के आदेश दिए हैं.
निष्कर्ष
इस जांच से यह साफ है कि वायरल दावा पूरी तरह से भ्रामक और झूठा है. वहीं, वायरल हो रही तस्वीर को एआई द्वारा निर्मित किया गया है. इसलिए किसी भी फोटो, वीडियो या फिर अविश्वसनीय सोशल मीडिया हैंडल्स द्वारा किए गए पोस्ट पर एक ही नजर में भरोसा न करें.
यह भी पढ़ें: क्या राहुल गांधी के इंदौर आने पर जुटा जनसैलाब? जानिए वायरल वीडियो का सच
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
