सोशल मीडिया पर नेताओं द्वारा आयोजित कार्यक्रम और उनके संबोधन अक्सर ही वायरल होते रहते ही है. इसी बीच कांग्रेस द्वारा 19 सितंबर को आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है. इससे दावा किया जा रहा है कि राहुल गांधी के इस कार्यक्रम में भारी मात्रा में भीड़ देखने को मिली थी.
क्या है वायरल वीडियो?
दरअसल, 19 सितंबर 2026 को राहुल गांधी ने इंदौर में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम का आयोजन किया था. अब इसी से जोड़ते हुए सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें भारी जनसैलाब दिख रहा है. वीडियो को शेयर करते हुए दावा किया जा रहा है कि यह जनसैलाब उसी कार्यक्रम का है और इसमें भारी मात्रा में छात्रों ने भाग लिया.
इस वीडियो को एक फेसबुक यूजर ने शेयर किया. पोस्ट के कैप्शन में यूजर ने लिखा, ‘क्या था, इंदौर! एक शहर जो बीजेपी का गढ़ माना जाता है, उसने अभी-अभी राहुल गांधी के लिए प्यार, ऊर्जा और उत्साह की एक अविश्वसनीय लहर देखी. सड़कें गूंज उठीं. छात्र इकट्ठा हुए. और इंदौर ने अपनी आवाज बुलंद की. तुमने आज सिर्फ एक पल नहीं बनाया, इंदौर- तुमने इतिहास रचा.’
बस देखते ही देखते यह पोस्ट और वीडियो वायरल हो गया.
क्या है सच्चाई?
हालांकि, जांच करने पर पता चला कि इस वीडियो का राहुल गांधी के इंदौर दौरे से दूर-दूर तक कोई लेना-देना नहीं है. असल में यह वीडियो इसी साल अगस्त 2026 का है, जब विश्व आदिवासी दिवस के मौके पर इंदौर में आदिवासी समाज ने एक विशाल रैली निकाली थी.
वीडियो को जब ध्यान से देखा गया, तो उसमें एक वैन के ऊपर आदिवासी दिवस का पोस्टर साफ नजर आया. इसके बाद जब संबंधित कीवर्ड्स से खोजबीन की गई, तो यह वीडियो 9 और 10 अगस्त 2026 के फेसबुक व यूट्यूब पोस्ट में मिल गया. उस दौरान स्थानीय अखबारों और मीडिया रिपोर्ट्स ने भी इस विशाल रैली की तस्वीरें और खबरें प्रमुखता से छापी थी.
वहीं, वायरल वीडियो को बिना जांच-पड़ताल के लोगों ने सच मानकर शेयर करना शुरू कर दिया.
इस जांच से यह साफ है कि वायरल हो रहा वीडियो पूरी तरह भ्रामक और झूठे दावे के साथ शेयर किया गया है. ऐसे में किसी भी पोस्ट, वीडियो या तस्वीर पर एक नजर में ही भरोसा न करें और उसे शेयर करने से बचें.
यह भी पढ़ें: राजस्थान चुनाव में 1 वोट मिलने पर रोने लगे बीजेपी नेता? जानिए सोशल मीडिया पर वायरल इस वीडियो का सच
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


