Bharat Express DD Free Dish

‘बॉयफ्रेंड को पहनाऊंगी जयमाला…’, कमरे में पति को पीटा और दी धमकी, आहत होकर शख्स ने दी जान

उत्तर प्रदेश के झांसी में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां पारिवारिक कलह और पत्नी के अवैध संबंधों से तंग आकर 45 वर्षीय जितेंद्र अहिरवार ने जहर खाकर जान दे दी.

suicide

उत्तर प्रदेश के झांसी से एक बेहद दर्दनाक और हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां पारिवारिक कलह और कथित अवैध संबंधों से तंग आकर 45 वर्षीय एक व्यक्ति ने जहर खाकर अपनी जान दे दी. मरने से पहले शख्स ने एक वीडियो भी बनाया, जिसमें उसने अपनी पत्नी और उसके प्रेमी पर गंभीर आरोप लगाए हैं.

इस घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैली हुई है और परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है.

क्या है पूरा मामला?

जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान जितेंद्र अहिरवार के रूप में हुई है, जो मूल रूप से झांसी के मोंठ थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम पावई का रहने वाला था. जितेंद्र पिछले कुछ समय से अपने परिवार के साथ झांसी की पंचवटी कॉलोनी में किराए के मकान में रह रहा था और शहर में रहकर ही प्राइवेट नौकरी करता था. उसके परिवार में दो बेटे और एक बेटी हैं.

जितेंद्र के चचेरे भतीजे करण ने मीडिया को बताया कि उनके चाचा के घर पर एक युवक का आना-जाना था. इसी दौरान उस युवक की पहचान जितेंद्र की पत्नी से हो गई और देखते ही देखते यह मेल-जोल प्रेम प्रसंग में बदल गया. जब जितेंद्र को इस बात की भनक लगी, तो घर में आए दिन कलेश और विवाद शुरू हो गया.

कमरे में बंद कर पीटा, फिर दी धमकी

भतीजे का आरोप है कि अवैध संबंध का विरोध करने पर पत्नी और उसके प्रेमी ने मिलकर जितेंद्र को एक कमरे में बंद कर दिया और उसकी बुरी तरह पिटाई की. इस दौरान आरोपियों ने उसे शारीरिक रूप से भी प्रताड़ित किया. हद तो तब हो गई जब पत्नी ने साफ कह दिया कि वह अब जितेंद्र के साथ नहीं रहना चाहती और उस युवक के साथ ही मंदिर जाकर जयमाला डालेगी. इस मानसिक प्रताड़ना और अपमान से आहत होकर जितेंद्र बुरी तरह टूट गया था.

मौत से पहले के दो वीडियो आए सामने

इस पूरी घटना के बाद जितेंद्र के दो वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं. पहले 20 सेकंड के वीडियो में वह जमीन पर अL पड़े हुए उल्टी करते दिख रहे हैं और दर्द बयां कर रहे हैं. वहीं, दूसरे करीब सवा मिनट के वीडियो में वह साफ-साफ कह रहे हैं कि उनकी पत्नी और उसके प्रेमी प्रदीप ने उन्हें कमरे में बंद कर मारा-पीटा है. वीडियो में वह यह भी कहते सुनाई दे रहे हैं कि पत्नी ने उन्हें धमकी दी थी कि वह उन्हें छोड़कर दूसरे शख्स के साथ नया जीवन शुरू करेगी. इसी बात के तनाव में आकर उन्होंने कीटनाशक या जहरीली दवा गटक ली.

अस्पताल में इलाज के दौरान तोड़ा दम

बुधवार को जब जितेंद्र की तबीयत बिगड़ी और वह अपने पैतृक गांव पावई पहुंचे, तब परिजनों को इस खौफनाक कदम की जानकारी हुई. घरवाले तुरंत उन्हें लेकर झांसी मेडिकल कॉलेज भागे, लेकिन डॉक्टरों के लाख प्रयासों के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी और इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया.

इस मामले में मोठ थाना प्रभारी धर्मेंद्र सिंह का कहना है कि पुलिस को सूचना मिलते ही अस्पताल पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया गया है. पुलिस ने पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी करवा दी है और शव परिजनों को सौंप दिया है. पुलिस के अनुसार, अभी तक परिवार की तरफ से कोई लिखित शिकायत या तहरीर नहीं मिली है.

तहरीर मिलते ही संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जाएगा और पुलिस अपने स्तर पर इस पूरे मामले की गहराई से जांच-पड़ताल कर रही है.

यह भी पढ़िए: सेमीकंडक्टर क्षेत्र में भारत की अगली छलांग की तैयारी, PM मोदी ने वैश्विक कंपनियों के CEOs के साथ की बैठक



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read