Jammu Kashmir Budgam Encounter: जम्मू-कश्मीर में भारतीय सुरक्षाबलों ने सरहद पार से भेजे गए पाकिस्तान के पालतू आतंकवादियों पर एक और बड़ा प्रहार किया है. बडगाम जिले के यूसमर्ग इलाके (गुरुवटकलन/कोराग) में मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात हुई खूनी मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने लश्कर-ए-तैयबा के खतरनाक पाकिस्तानी आतंकवादी मूसा को ढेर कर दिया.
ज्ञात रहे मूसा वही आतंकी है जो इसी महीने की शुरुआत में मारे गए लश्कर के ‘हाई-वैल्यू’ आतंकी यासिर का सबसे करीबी साथी था. सेना की चिनार कोर, जम्मू-कश्मीर पुलिस और CRPF की संयुक्त कार्रवाई में मूसा की मौत के साथ ही पीर पंजाल के जंगलों में लश्कर के एक बड़े मॉड्यूल का सफाया हो गया है.
लश्कर के मूसा को गोलियों से भून डाला(Jammu Kashmir Budgam Encounter)
सुरक्षा एजेंसियों को बडगाम के यूसमर्ग इलाके के घने जंगलों में पाकिस्तानी आतंकियों की मौजूदगी की पुख्ता खुफिया इनपुट मिली थी. इसके तुरंत बाद भारतीय सेना, J&K पुलिस और सीआरपीएफ की टीमों ने इलाके को चारों तरफ से घेरकर ‘सर्च एंड कॉर्डन’ ऑपरेशन चलाया.
सुरक्षाबलों को पास आते देख झाड़ियों में छिपे आतंकियों ने अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी. भारतीय जांबाजों ने तुरंत जवाबी मोर्चा संभाला और ताबड़तोड़ फायरिंग में लश्कर के पाकिस्तानी आतंकी मूसा को मौके पर ही ढेर कर दिया.
मास्टरमाइंड यासिर का जोड़ीदार था मूसा
मारे गए आतंकी मूसा का सीधा कनेक्शन इसी महीने (4 सितंबर को) यूसमर्ग के पहाड़ों पर 13 दिनों के लंबे ऑपरेशन में मारे गए खूंखार आतंकी यासिर से था. यासिर वही हाई-वैल्यू टारगेट था जो पुंछ में भारतीय वायुसेना (IAF) के काफिले पर हुए कायरतापूर्ण हमले के अलावा सोनमर्ग, बोटा पाथरी और भट्टा डुरियन के आतंकी हमलों में शामिल था. यासिर के मारे जाने के बाद से ही मूसा पीर पंजाल के घने जंगलों में छिपा हुआ था और किसी नई बड़ी साजिश की फिराक में था.
ये भी पढ़ें-कठुआ में CISF कैंप में साथी जवान ने चलाई गोली, असिस्टेंट कमांडेंट समेत 4 की मौत, कोर्ट ऑफ इंक्वायरी के आदेश
यासिर के खात्मे के बाद से ही अलर्ट थी सेना
सितंबर की शुरुआत में यासिर के खात्मे के बाद से ही भारतीय सुरक्षाबल हाई-अलर्ट पर थे. सुरक्षा एजेंसियों को जानकारी थी कि यासिर का साथी मूसा भी उसी इलाके के आसपास छिपा हुआ है. सुरक्षाबलों ने पीर पंजाल के जंगलों में लगातार ट्रैकिंग जारी रखी और जैसे ही मूसा का सटीक ठिकाना ट्रैक हुआ, भारतीय जवानों ने बिना कोई मौका दिए उसे वहीं ढेर कर दिया.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


