Bharat Express DD Free Dish

शारदीय नवरात्र की धूम: बिहार से लेकर अयोध्या और माता वैष्णो देवी के दरबार तक उमड़ी भक्तों की भारी भीड़

शारदीय नवरात्र के पहले दिन देश भर के मंदिरों में भक्तों की भारी भीड़ देखने को मिली. आरा, अयोध्या और कटरा में मां शैलपुत्री की आराधना का खास उत्साह नजर आया.

Navratri 2026

नवरात्र के पहले दिन मंदिरों में गूंजे माता के जयकारे

Navratri 2026: आज से शारदीय नवरात्र की शुरुआत हो चुकी है और इसके साथ ही देश भर के शक्तिपीठों और देवी मंदिरों में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा है. नवरात्रि के पहले दिन सुबह से ही मंदिरों में भक्तों का तांता लगा हुआ है और पूरा देश भक्ति के रंग में सराबोर नजर आ रहा है. आइए जानते हैं देश के प्रमुख मंदिरों में पहले दिन का क्या हाल है.

प्राचीन आरण्य देवी मंदिर में भक्तों का तांता

बिहार के आरा शहर के प्रसिद्ध और प्राचीन माता आरण्य देवी मंदिर में नवरात्र के पहले दिन श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली. सुबह से ही लोग माता के दर्शन और पूजन के लिए कतारों में खड़े नजर आए. पूरा मंदिर परिसर मां के जयकारों और भक्तिमय माहौल से गूंज उठा. श्रद्धालु मां के चरणों में शीश झुकाकर अपने परिवार की सुख-समृद्धि, शांति और अच्छे स्वास्थ्य की कामना कर रहे हैं.

नवरात्र के पहले दिन मां दुर्गा के शैलपुत्री स्वरूप की पूजा-अर्चना की जाती है, जिन्हें शक्ति, साहस और स्थिरता की देवी माना जाता है. इस पावन अवसर पर संस्कृत श्लोकों और मंत्रों के साथ मां की आराधना की जा रही है, जिससे पूरा शहर भक्तिमय हो गया है.

अयोध्या में बड़ी देवकाली का दरबार

उधर, भगवान राम की नगरी अयोध्या में भी नवरात्र को लेकर गजब का उत्साह है. यहां श्रीराम की कुलदेवी ‘बड़ी देवकाली माता मंदिर’ में भोर से ही भक्तों की लंबी कतारें लगी हुई हैं. इस मंदिर की खास बात यह है कि यहां एक ही शिला पर महाकाली, महालक्ष्मी और महासरस्वती तीनों देवियां विराजमान हैं. पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, जब भगवान श्री राम सवा महीने के हुए थे, तब माता कौशल्या तीनों रानियों और चारों भाइयों को लेकर सबसे पहले माता देवकाली के दर्शन कराने पहुंची थीं. यही वजह है कि इस मंदिर का धार्मिक महत्व बहुत अधिक है.

ये भी पढ़ें- Shardiya Navratri 2026: घटस्थापना के साथ शारदीय नवरात्रि की शुरुआत, जानिए मां शैलपुत्री से जुड़े आध्यात्मिक व योगिक पहलू

कटरा में मां वैष्णो देवी के दर्शन के लिए उमड़े श्रद्धालु

जम्मू-कश्मीर के कटरा में भी नवरात्र के पहले दिन का नजारा देखते ही बनता है. देश के कोने-कोने से मां के भक्त कटरा पहुंच रहे हैं. माता रानी के दर्शन के लिए भक्तों की कई किलोमीटर लंबी कतारें लगी हुई हैं. श्रद्धालु नवरात्र के पहले दिन मां के दरबार में हाजिरी लगाकर खुद को बेहद भाग्यशाली मान रहे हैं. भारी संख्या में पहुंच रहे श्रद्धालुओं को ध्यान में रखते हुए प्रशासन और सुरक्षा बलों द्वारा पुख्ता और कड़े बंदोबस्त किए गए हैं, ताकि किसी को भी असुविधा न हो.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read