7 साल के मासूम को तेंदुए ने बनाया शिकार
Bahraich Leopard Attack: कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग के ककरहा रेंज में तेंदुए के हमले ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं. मुर्तिहा कोतवाली क्षेत्र के मंझरा गांव में सात साल के रोहित यादव की तेंदुए के हमले में मौत हो गई. घटना के बाद से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है. वहीं, गांव के लोग भी सहमे हुए हैं. ग्रामीणों में वन विभाग को लेकर नाराजगी है और लोग जल्द से जल्द तेंदुए को पकड़ने की मांग कर रहे हैं. शाम होते ही गांव की गलियों में सन्नाटा पसरने लगा है और लोग बच्चों को घर से बाहर भेजने में भी डर रहे हैं.
घर के पीछे खड़े रोहित पर तेंदुए ने किया हमला
मंझरा गांव निवासी रमेश यादव का सात वर्षीय बेटा रोहित देर शाम अपने घर के पिछले हिस्से में खड़ा था. घर के पास ही गन्ने के खेत हैं. बताया जा रहा है कि खेतों में छिपे तेंदुए ने अचानक बाहर निकलकर बच्चे पर हमला कर दिया. इससे पहले कि रोहित कुछ समझ पाता, तेंदुए ने उसकी गर्दन अपने जबड़े में दबोच ली और उसे खींचकर ले जाने लगा.
बच्चे की चीख सुनकर परिजन और आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे. लोगों ने लाठी-डंडे उठाए और शोर मचाते हुए तेंदुए की तरफ दौड़े. ग्रामीणों की भीड़ देखकर तेंदुआ रोहित को घायल अवस्था में छोड़कर गन्ने के खेतों में भाग गया.
परिजन आनन-फानन में बच्चे को अस्पताल ले जाने के लिए निकले, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी. मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया. जिस घर में कुछ देर पहले तक सामान्य माहौल था, वहां चीख-पुकार गूंजने लगी.
पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची
घटना की सूचना मिलते ही मुर्तिहा कोतवाली पुलिस और वन विभाग की टीम गांव पहुंची. मुर्तिहा कोतवाल यतीन्द्र सिंह ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जरूरी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है. इस घटना ने गांव के लोगों की चिंता बढ़ा दी है. रिहायशी इलाके के पास गन्ने के खेतों में तेंदुए की मौजूदगी से ग्रामीणों को डर है कि वह फिर किसी पर हमला कर सकता है. खासकर बच्चों की सुरक्षा को लेकर परिवारों की चिंता बढ़ गई है.
हादसे के बाद इलाके में लगेगा पिंजरा
कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग के डीएफओ अपूर्व दीक्षित ने रोहित की मौत की पुष्टि की है. उन्होंने बताया कि देर शाम गन्ने के खेत से निकले तेंदुए ने बच्चे पर हमला किया था. विभाग पीड़ित परिवार के दुख में साथ है और नियमानुसार तत्काल अंतरिम राहत राशि उपलब्ध कराई जा रही है. बाकी मुआवजे की प्रक्रिया भी जल्द पूरी करने का प्रयास किया जाएगा.
डीएफओ ने बताया कि इलाके में तेंदुए की गतिविधियों को देखते हुए उच्चाधिकारियों से अनुमति लेकर जल्द पिंजरा लगाया जाएगा. साथ ही वन विभाग की गश्त भी बढ़ाई जाएगी, ताकि गांव के लोगों को सुरक्षित रखा जा सके.
ये भी पढ़ें- पीलीभीत में रामलीला कमेटी के फेर में चल गई गोली, 3 लोगों का हो गया मर्डर, इलाके में मचा कोहराम
शाम होते ही घरों में रहने को मजबूर लोग
रोहित की मौत के बाद मंझरा गांव में डर और गुस्से का माहौल है. ग्रामीणों का कहना है कि घरों के इतने करीब तेंदुए का पहुंचना गंभीर चिंता का विषय है. लोग अब शाम ढलने के बाद बाहर निकलने से बच रहे हैं. खेतों की ओर जाने और बच्चों को अकेले छोड़ने में भी डर लग रहा है.
ग्रामीणों को उम्मीद है कि वन विभाग जल्द कार्रवाई कर तेंदुए को पकड़ने में कामयाब होगा. फिलहाल पूरे गांव की नजर वन विभाग की गश्त और पिंजरा लगाने की कार्रवाई पर टिकी है. लोगों की मांग है कि सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं, ताकि किसी दूसरे परिवार को ऐसी दर्दनाक घटना का सामना न करना पड़े.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




