Tiger Shroff Firing Update: बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर हुए फायरिंग मामले में एक बड़ा खुलासा हुआ है. लॉरेंस बिश्नोई गैंग के इशारे पर हमला करने वाले तीनों शूटरों को राजस्थान के कोटा रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया गया है. नेपाल भागने की फिराक में घूम रहे इन आरोपियों में से एक नाबालिग की ‘भुजिया खाने की भूख’ ने पूरी पोल खोल दी.
बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग करने वाले लॉरेंस बिश्नोई गैंग के तीनों शूटरों को राजस्थान के कोटा रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया गया है. ये सभी आरोपी नेपाल भागने की कोशिश कर रहे थे और ट्रेन में अपने बाल व कपड़े बदलकर हुलिया छिपा रहे थे. कोटा स्टेशन पर नाबालिग आरोपी को खिड़की से भुजिया खरीदते वक्त आरपीएफ के जवानों ने पहचान लिया, जिसके बाद पूछताछ में उसने अपने दोनों साथियों के बारे में बता दिया और तीनों पुलिस के हत्थे चढ़ गए.
ट्रेन में हुलिया बदलकर भाग रहे थे शूटर
एक्टर टाइगर श्रॉफ पर हमले के बाद आरोपी तुरंत फरार हो गए थे. पुलिस से बचने और अपनी पहचान छिपाने के लिए ट्रेन में सफर के दौरान दो आरोपियों ने अपने बाल कटवा लिए थे और कपड़े भी बदल लिए थे. वे एक ही कोच में अलग-अलग सीटों पर बैठकर नेपाल भागने की योजना बना रहे थे, ताकि दिल्ली के रास्ते आसानी से देश छोड़कर निकल सकें.
भुजिया की भूख ने ऐसे कराया गिरफ्तार
फरार होने के दौरान कोटा रेलवे स्टेशन पर ट्रेन रुकी, तो नाबालिग आरोपी को तेज भूख लग गई. वह ट्रेन की खिड़की से एक वेंडर से भुजिया खरीदने लगा. इसी दौरान वहां सादे कपड़ों में तैनात रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के सतर्क जवानों ने मुंबई पुलिस से मिले इनपुट और तस्वीरों के आधार पर उसे तुरंत पहचान लिया.
आरपीएफ की सूझबूझ से दबोचे गए तीनों आरोपी
आरपीएफ के जवान तुरंत ट्रेन के कोच में दाखिल हुए और नाबालिग से पूछा कि मुंबई से कितने लोग सवार हुए थे. घबराहट में नाबालिग ने तपाक से बोल दिया कि उसके बाकी दोनों साथी ऊपर की बर्थ पर सो रहे हैं. जवानों ने तुरंत उसके दोनों साथियों को उठाया और तीनों को अपनी गिरफ्त में ले लिया. इस तरह एक छोटी सी लापरवाही और भुजिया खाने की जिद भारी पड़ गई.
विदेशी मास्टरमाइंड और सुपारी का खेल
पुलिस जांच में सामने आया है कि इस पूरी वारदात का कथित मास्टरमाइंड अनिल पंडित था, जो कैलिफोर्निया से लाइव जुड़कर इन आरोपियों को निर्देश दे रहा था. उसने ही रेकी करने वाले ऋतिक और अन्य शूटरों को टाइगर श्रॉफ की हत्या की सुपारी दी थी और एडवांस में ढाई लाख रुपये दिए थे. आरोपी पिछले एक महीने से मुंबई के एक होटल में रहकर रेकी कर रहे थे और जंगी ऐप के जरिए लगातार संपर्क में थे.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.





