Mansa Domestic Dispute Firing: प्रदीप/मानसा: पंजाब के मानसा जिले से एक बेहद ही दिल दहला देने वाली और दुखद घटना सामने आई है. यहां डिप्टी कमिश्नर (DC) मानसा की सुरक्षा में तैनात पंजाब पुलिस के गनमैन गुरविंदर सिंह ने कथित तौर पर घरेलू कलह के चलते अपने ही परिवार पर अंधाधुंध गोलियां बरसा दीं. इस खौफनाक वारदात में उनके बेटे दिलशान की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि घटना के दौरान खुद गुरविंदर सिंह की भी गोली लगने से जान चली गई. वहीं, उनके दूसरे बेटे जोत और पत्नी को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
सुबह-सुबह गोलियों की तड़तड़ाहट से दहला इलाका
मिली जानकारी के अनुसार, यह खौफनाक कदम गुरविंदर सिंह ने सुबह के वक्त उठाया. घर के भीतर चल रहे किसी घरेलू विवाद ने इतना उग्र रूप ले लिया कि आपा खो चुके गनमैन ने अपनी सर्विस रिवॉल्वर निकाली और अपनों पर ही गोलियां चला दीं. गोलियों की आवाज सुनते ही आसपास के इलाके में सनसनी फैल गई और पड़ोसियों की भारी भीड़ जमा हो गई. इस गोलीबारी में एक बेटे दिलशान और खुद पुलिस जवान की मौत हो गई, जिससे पूरा परिवार तबाह हो गया.
घायलों में उनका दूसरा बेटा जोत और पत्नी शामिल हैं, जिन्हें खून से लथपथ हालत में तुरंत मानसा के सिविल अस्पताल पहुंचाया गया. प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें बठिंडा के बड़े अस्पताल के लिए रेफर कर दिया है, जहां दोनों की हालत चिंताजनक बनी हुई है.
सरकारी रिवॉल्वर से हुई फायरिंग
वारदात की सूचना मिलते ही मानसा पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से मुआयना किया. एसपी मानसा ने बताया कि शुरुआती तफ्तीश में मामले के पीछे पारिवारिक विवाद ही मुख्य वजह नजर आ रही है. पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई सरकारी रिवॉल्वर को अपने कब्जे में ले लिया है और पूरे मामले की गहनता से कानूनी जांच शुरू कर दी है. इस भयानक घटना के बाद से पूरे मानसा शहर में शोक और सन्नाटे का माहौल पसरा हुआ है.
यह भी पढ़ें: विजयादशमी पर गृह मंत्री अमित शाह और स्पीकर ओम बिरला ने देशवासियों को दी शुभकामनाएं
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.





