MBBS Student Suicide: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले से एक बेहद दुखद और हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है. यहां के बेगराजपुर मेडिकल कॉलेज के हॉस्टल में एमबीबीएस (MBBS) फाइनल ईयर की पढ़ाई कर रही एक छात्रा ने संदिग्ध परिस्थितियों में आत्महत्या कर ली. सोमवार की शाम हॉस्टल के कमरे में छात्रा का शव फंदे से लटका मिलने के बाद से कॉलेज परिसर में सनसनी फैल गई है. इस अचानक हुई घटना से साथी छात्र-छात्राएं और मृतक छात्रा का परिवार गहरे सदमे में है.
कमरा अंदर से बंद मिलने पर हुआ शक
पुलिस से मिली शुरुआती जानकारी के मुताबिक, मृतका की पहचान शगुन सैनी के रूप में हुई है, जो मूल रूप से हरियाणा के कैथल की रहने वाली थीं. शगुन बेगराजपुर मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस अंतिम वर्ष की छात्रा थी और हॉस्टल के कमरे में अपनी रूम पार्टनर जिया के साथ रहती थी.
सोमवार की शाम शगुन किसी काम से बाहर से लौटी और अपने कमरे में चली गई. उस वक्त उसकी रूम पार्टनर जिया कमरे में मौजूद नहीं थी. रात करीब साढ़े आठ बजे जब जिया वापस लौटी, तो उसने देखा कि कमरे का दरवाजा अंदर से पूरी तरह बंद है. उसने कई बार दरवाजा खटखटाया और आवाज दी, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई. शक होने पर जिया ने खिड़की से अंदर झांककर देखा, तो उसके पैरों तले जमीन खिसक गई. अंदर शगुन का शव फंदे से लटका हुआ था.
पुलिस जांच और FSL टीम की कार्रवाई
घबराई हुई रूम पार्टनर ने तुरंत इसकी सूचना कॉलेज प्रशासन को दी, जिसके बाद पुलिस को मामले की जानकारी दी गई. सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर कमरे के अंदर दाखिल हुई. पुलिस ने तुरंत शव को फंदे से नीचे उतारा और पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया. घटना की गंभीरता को देखते हुए मौके पर फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए.
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कमरे से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है, इसलिए मौत के असली कारणों का अभी पता नहीं चल सका है. मृतका के परिजनों को इस अनहोनी की सूचना दे दी गई है, जिनके मुजफ्फरनगर पहुंचने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. पुलिस इस मामले में रूम पार्टनर और अन्य दोस्तों से भी पूछताछ कर रही है, साथ ही मोबाइल फोन की कॉल डिटेल्स खंगाली जा रही है ताकि आत्महत्या के पीछे की असल वजह सामने आ सके.
यह भी पढ़ें: शिवा मर्डर केस में नया मोड़! धमकाते हुए श्रद्धा दुबे का ऑडियो वायरल
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




