McLeodganj Viral Video: हिमाचल प्रदेश की जिन खूबसूरत वादियों और हसीन पहाड़ों को देखकर लोग अक्सर उनकी तुलना स्विट्जरलैंड से करने लगते हैं, असलियत उससे बिल्कुल उलट नजर आ रही है. सोशल मीडिया पर इन दिनों मैकलोडगंज (धर्मशाला) का एक ऐसा वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे देखकर किसी भी देशप्रेमी और प्रकृति प्रेमी का खून खौल उठेगा.
पहाड़ी रास्तों और ट्रैल्स के दोनों तरफ बिखरे प्लास्टिक के कचरे, बोतलों और कपड़ों के ढेरों ने पर्यटकों की गैर-जिम्मेदाराना हरकतों की पोल खोलकर रख दी है.
वायरल वीडियो ने उड़ाई नींद(McLeodganj Viral Video)
बता दें इंस्टाग्राम के ‘Sustainify’ अकाउंट से सामने आया और बाद में X (ट्विटर) पर शेयर किया गया यह वीडियो मैकलोडगंज के किसी लोकप्रिय पहाड़ी रास्ते का है. वीडियो में साफ दिख रहा है कि सड़क के दोनों किनारों पर चिप्स के पैकेट, कोल्ड ड्रिंक की प्लास्टिक बोतलें, खाने-पीने का कचरा और फेंके गए कपड़े इस कदर बिखरे हैं मानों वह कोई टूरिस्ट स्पॉट नहीं बल्कि कूड़ेदान हो.
वीडियो शेयर करने वाले यूजर ने तंज कसते हुए लिखा कि अगली बार जब कोई हिमाचल की तुलना स्विट्जरलैंड से करे, तो उसे यह शर्मनाक नजारा जरूर दिखा देना चाहिए.
Condition of Mcleod Ganj.
Next time you hear someone saying Switzerland.. Send this video.
Himachal needs to start promoting trash tourism now.. Come volunteer to clean and get a room and food for free for a few days.
#himachalpradesh #tourism #himalayas https://t.co/fty9frDANI
— Sidharth Shukla (@sidhshuk) October 17, 2026
सोशल मीडिया पर फूटा लोगों का गुस्सा
यह वीडियो (McLeodganj Viral Video) सामने आने के बाद इंटरनेट पर बहस छिड़ गई है कि आखिर कब तक लोग घूमने के नाम पर प्राकृतिक धरोहरों को इस तरह तहस-नहस करते रहेंगे. पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए एक यूजर ने सुझाव दिया कि अब हिमाचल को ‘ट्रैश टूरिज्म’ को बढ़ावा देना चाहिए, जहां लोगों को मुफ्त में घूमने के बदले पहाड़ों की सफाई का ठेका लेना पड़े.
वहीं, अन्य यूजर्स ने कड़े शब्दों में कहा कि हमें प्रकृति ने अनमोल खजाना दिया है, लेकिन हम अपनी हरकतों से इसे कूड़ेदान में बदलने पर तुले हुए हैं.
जनता को भी बनना होगा जिम्मेदार
बढ़ते कचरे और सिंगल-यूज प्लास्टिक पर चिंता जताते हुए लोगों ने तमिलनाडु के ऊटी और नीलगिरी जिलों का उदाहरण दिया है, जहां प्लास्टिक पर बेहद सख्त पाबंदियां हैं. यूजर्स ने हिमाचल सरकार से भी मांग की है कि पर्यटकों की संख्या पर लगाम कसी जाए, पॉलीथीन बैग्स पर पूरी तरह बैन लगाया जाए और फैले कचरे के लिए भारी जुर्माना वसूला जाए.
यह भी पढ़ें: रावण की आंखों से बरसेंगे अंगारे, नाभि पर चलेगा चक्र: जानिए देश में कहां-कहां दिखेंगे दशहरे पर सबसे अनोखे दशानन
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




