Jabalpur News: जबलपुर के मढ़ाताल थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना सामने आई है, जहां खजरी खिरिया बाईपास पर रफ्तार के कहर ने एक पिकअप वाहन को अपनी चपेट में ले लिया. छिंदवाड़ा से टमाटर लादकर कटनी की ओर जा रहे इस वाहन को एक तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया.
इस भीषण हादसे में पिकअप चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे पुलिस की मदद से तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया. वहीं दुर्घटना के बाद पिकअप में भरे टमाटर मुख्य हाईवे पर बिखर गए. दर्दनाक मंजर के बीच इंसानियत को शर्मसार करने वाली तस्वीर भी देखने को मिली, जहां मदद करने के बजाय हाईवे से गुजर रहे राहगीरों और स्थानीय लोगों में सड़क पर बिखरे टमाटरों को लूटने की होड़ मच गई.
जबलपुर बाईपास पर भीषण सड़क हादसा
जबलपुर जिले के मढ़ाताल थाना क्षेत्र अंतर्गत खजरी खिरिया बाईपास पर एक तेज रफ्तार ट्रक ने टमाटर से लदे पिकअप वाहन को जोरदार टक्कर मार दी. हादसा इतना भीषण था कि पिकअप वाहन के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार चालक गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घायल चालक को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया.
छिंदवाड़ा से कटनी ले जाए जा रहे थे टमाटर
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पिकअप वाहन छिंदवाड़ा से भारी मात्रा में टमाटर लादकर कटनी की ओर जा रहा था. जैसे ही वाहन खजरी खिरिया बाईपास के पास पहुंचा, तभी सामने से आ रहे एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार ट्रक ने उसे टक्कर मार दी.
सड़क पर बिखरे टमाटर, राहगीरों में मची लूट
हादसे के बाद पिकअप में रखे सैकड़ों किलो टमाटर मुख्य मार्ग पर दूर-दूर तक बिखर गए. दुर्घटना के बाद मदद करने की बजाय हाईवे से गुजर रहे राहगीरों और आसपास के लोगों में टमाटर लूटने की होड़ मच गई. लोग थैलियों और हाथों में जितने आ सके, उतने टमाटर समेटकर भागते नजर आए.
यह भी पढ़ें-आखिर क्यों भड़का पेशेंट? मेडिकल जांच के दौरान महिला डॉक्टर को जड़ा थप्पड़, VIDEO वायरल
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



