कीरोन पोलार्ड बने मुंबई इंडियंस के नए हेड कोच
Mumbai Indians new head coach: IPL 2027 से पहले मुंबई इंडियंस ने अपनी टीम में बड़ा बदलाव किया है. फ्रेंचाइजी ने वेस्टइंडीज के पूर्व दिग्गज ऑलराउंडर कीरोन पोलार्ड (Kieron Pollard) को नया हेड कोच नियुक्त किया है. वह महेला जयवर्धने की जगह यह जिम्मेदारी संभालेंगे. मुंबई इंडियंस के लिए खिलाड़ी के तौर पर कई यादगार पारियां खेलने वाले पोलार्ड अब डगआउट में बैठकर टीम को नई दिशा देते नजर आएंगे. उनकी नियुक्ति पर टीम की मालकिन नीता अंबानी ने भी खास संदेश दिया है.
खिलाड़ी से कोच तक कैसा है पोलार्ड का सफर
कीरोन पोलार्ड का मुंबई इंडियंस के साथ रिश्ता काफी पुराना है. वह महज 22 साल की उम्र में इस फ्रेंचाइजी से जुड़े थे. इसके बाद उन्होंने अपने प्रदर्शन और दमदार खेल से टीम में खास जगह बनाई. पोलार्ड मुंबई इंडियंस की उन टीमों का हिस्सा रहे हैं, जिन्होंने पांच बार IPL का खिताब जीता.
क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद भी उनका फ्रेंचाइजी से जुड़ाव बना रहा. वह हाल के समय में मुंबई इंडियंस के बैटिंग कोच की भूमिका निभा रहे थे. अब हेड कोच की जिम्मेदारी मिलने के बाद उनके सामने टीम को नए सिरे से तैयार करने और मैदान पर बेहतर प्रदर्शन कराने की चुनौती होगी.
फ्रेंचाइजी का मानना है कि पोलार्ड को टीम के माहौल, खिलाड़ियों की जरूरतों और T20 क्रिकेट की रणनीतियों की अच्छी समझ है. ऐसे में उनका अनुभव आने वाले सीजन में मुंबई इंडियंस के लिए अहम साबित हो सकता है.
नीता अंबानी ने पोलार्ड के लिए क्या कहा?
मुंबई इंडियंस की मालकिन नीता मुकेश अंबानी ने पोलार्ड की नई जिम्मेदारी पर खुशी जताई. उन्होंने कहा कि पोलार्ड पिछले 16 वर्षों से उनके परिवार का अभिन्न हिस्सा रहे हैं. खिलाड़ी के रूप में उन्होंने टीम और उसके प्रशंसकों को कई यादगार पल दिए हैं.
नीता अंबानी के मुताबिक, पोलार्ड के पास खेल का गहरा अनुभव, जुनून और समझ है. वह जानते हैं कि मुंबई इंडियंस की जर्सी पहनने का क्या मतलब है और टीम से किस तरह की प्रतिबद्धता की उम्मीद की जाती है. उन्होंने भरोसा जताया कि पोलार्ड अपनी नई भूमिका में भी पूरी मेहनत और दृढ़ संकल्प के साथ काम करेंगे.
ये भी पढ़ें: ताश के पत्तों की तरह बिखरी टीम इंडिया! न्यूजीलैंड के सामने भारतीय बल्लेबाजों का सरेंडर, 113 रन पर सिमटी टीम
पोलार्ड बोले- MI मेरी जिंदगी का अहम हिस्सा
हेड कोच बनने के बाद पोलार्ड ने भी अपनी खुशी जाहिर की. उन्होंने कहा कि मुंबई इंडियंस की जिम्मेदारी संभालना उनके लिए सम्मान की बात है. यह फ्रेंचाइजी उनकी जिंदगी और क्रिकेट करियर का अहम हिस्सा रही है.
पोलार्ड ने नीता अंबानी, आकाश अंबानी और पूरी मुंबई इंडियंस टीम का उन पर भरोसा जताने के लिए आभार व्यक्त किया. अब IPL 2027 में देखना दिलचस्प होगा कि उनके नेतृत्व में मुंबई इंडियंस किस तरह मैदान पर उतरती है और खिताब जीतने की अपनी कोशिश को आगे बढ़ाती है.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




