Bharat Express DD Free Dish
Pension Mission Shakti Digital
Pension Mission Shakti Digital

‘योग-नेचुरोपैथी से नाता जोड़ो, नशा छोड़ो’: नशा मुक्ति के लिए 12 राज्यों के 2000 प्रतिनिधियों ने बनाई मानव श्रृंखला, बना वर्ल्ड रिकॉर्ड

नवी मुंबई के खारघर में आयुष मंत्रालय के सहयोग से ‘योग-नेचुरोपैथी के माध्यम से नशामुक्ति’ पर दो दिवसीय राष्ट्रीय सेमिनार संपन्न हुआ. 12 राज्यों के 2000 से अधिक प्रतिनिधियों ने मानव श्रृंखला बनाकर वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया.

Vijay Ram Edited by Vijay Ram

नवी मुंबई (28 अक्टूबर 2026): नशा मुक्त भारत के निर्माण और स्वस्थ जीवनशैली को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से नवी मुंबई के खारघर स्थित डॉ. जी.डी. पोल फाउंडेशन शैक्षणिक परिसर में आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय योग-नेचुरोपैथी सेमिनार सफलतापूर्वक संपन्न हो गया. यह राष्ट्रीय संगोष्ठी राष्ट्रीय प्राकृतिक चिकित्सा संस्थान (NIN), आयुष मंत्रालय, भारत सरकार के सहयोग से इंटरनेशनल नैचुरोपैथी ऑर्गेनाइजेशन (INO), सूर्या फाउंडेशन और डॉ. जी.डी. पोल फाउंडेशन द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित की गई थी. सेमिनार का मुख्य विषय “योग-नेचुरोपैथी के माध्यम से नशामुक्ति” रहा, जिसका ध्येय वाक्य ‘योग-नेचुरोपैथी को अपनाएंगे – नशे की लत को जड़ से मिटाएंगे’ और ‘नशा छोड़ो – योग नेचुरोपैथी से नाता जोड़ो’ था.

केंद्रीय आयुष मंत्री ने दिया सकारात्मक कदम उठाने का

आईएनओ (INO) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनंत बिरादार के नेतृत्व में आयोजित इस राष्ट्रीय सेमिनार के उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए केंद्रीय आयुष तथा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) प्रतापराव जाधव ने अपने वर्चुअल संदेश में कहा:

“वर्तमान समय में मानव जीवन अनेक शारीरिक, मानसिक व सामाजिक चुनौतियों से जूझ रहा है. ऐसे में योग, ध्यान, प्राणायाम, प्राकृतिक चिकित्सा और आयुर्वेद जैसी समग्र जीवन पद्धतियां न केवल स्वास्थ्य रक्षा का सशक्त साधन हैं, बल्कि प्रकृति के साथ सामंजस्य स्थापित कर निरोगी व संतुलित जीवन जीने का मार्ग भी प्रशस्त करती हैं. नशा मुक्त भारत के निर्माण में योग और नेचुरोपैथी का अतुलनीय योगदान हो सकता है. देश के प्रत्येक नागरिक तक सुलभ व गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के लिए मोदी सरकार निरंतर ठोस कदम उठा रही है.”

केंद्रीय मंत्री ने प्राकृतिक चिकित्सा के समग्र विकास को लेकर प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि योग-नेचुरोपैथी को नेशनल कमीशन फॉर इंडियन सिस्टम ऑफ मेडिसिन (NCISM) एक्ट में जोड़ने तथा प्राकृतिक चिकित्सकों के विधिवत पंजीकरण की प्रमुख मांग पर सरकार सकारात्मक और ठोस कदम उठाने का ईमानदारी से प्रयास करेगी.

सेंट्रल पार्क में बना वर्ल्ड रिकॉर्ड, 2000 लोगों ने बनाई मानव श्रृंखला

नशे के विरुद्ध व्यापक जनजागृति फैलाने के उद्देश्य से खारघर के सेंट्रल पार्क में सुबह 6 बजे एक विशाल जन-अभियान आयोजित किया गया. इसमें देश के 12 राज्यों और स्थानीय क्षेत्र से पहुंचे 2,000 से अधिक प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया. कार्यक्रम के दौरान सामूहिक योगाभ्यास, इस्कॉन (ISKCON) के संतों द्वारा हरिनाम संकीर्तन और नशामुक्ति के संकल्प के साथ एक विशाल मानव श्रृंखला बनाई गई.

इस अद्वितीय प्रयास को ‘आईईए बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड’ (IEA Book of World Record) में दर्ज किया गया. संस्था के निदेशक डॉ. संदीप सिंह ने आईएनओ के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनंत बिरादार को विश्व रिकॉर्ड का आधिकारिक प्रमाण पत्र मंच पर सुपुर्द किया. इस अवसर पर पनवेल के विधायक प्रशांत ठाकुर, मुंबई साइबर क्राइम के डीसीपी बजरंग बनसोडे और निर्वाणा नेचुरोपैथी की संचालक गुरु मां योगिता खत्री ने प्रतिभागियों का मार्गदर्शन किया.

गंभीर बीमारियों, जीवनशैली और नीतिगत विषयों पर मंथन

दो दिवसीय सेमिनार में विभिन्न तकनीकी व अकादमिक सत्रों का आयोजन किया गया:

प्रथम दिवस (क्लिनिकल व नीतिगत सत्र): विशेषज्ञों ने गंभीर व तीव्र रोगों में प्राकृतिक चिकित्सा, दर्द प्रबंधन, जीवनशैली जनित विकार, मधुमेह प्रबंधन और युवाओं के समग्र विकास पर व्याख्यान दिए. इसके अलावा महाराष्ट्र योग-नेचुरोपैथी विधेयक 2016, राष्ट्रीय मानकीकरण और व्यावसायिक मान्यता जैसे नीतिगत मुद्दों पर विस्तृत पैनल चर्चा हुई.

द्वितीय दिवस (पुनर्वास व जीवन मूल्य): सत्रों में संवाद कौशल, समय प्रबंधन, मानवीय संबंध, गर्भसंस्कार, नशा रोकथाम एवं पुनर्वास, उपवास चिकित्सा और गैर-संचारी रोगों (NCD) के एकीकृत प्रबंधन जैसे समसामयिक विषयों पर विशेषज्ञों ने महत्वपूर्ण अनुभव साझा किए.

कार्यक्रम के उद्घाटन अवसर पर पनवेल विधायक प्रशांत ठाकुर, महाट्रांसको की अतिरिक्त कलेक्टर व कार्यकारी निदेशक (एचआर) सुचिता भिकाने, एनआईएन की निदेशक डॉ. गीता शेट्टी, डॉ. जी.डी. पोल फाउंडेशन की निदेशक डॉ. कीमया पोल, इस्कॉन खारघर के अध्यक्ष डॉ. सूरदास, आईएनओ के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. दयानंद शर्मा, महाराष्ट्र आईएनओ की अध्यक्ष डॉ. कुमुद जोशी और कार्यकारी अध्यक्ष शिवानंद महाराज सहित कई गणमान्य हस्तियां उपस्थित रहीं.



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Pension Mission Shakti Digital