दुल्हन की तरह सजी अयोध्या
Ayodhya Deepotsav: अयोध्या में दीपोत्सव को लेकर उत्साह का माहौल है. रामनगरी को भव्य तरीके से सजाया गया है. श्रीराम जन्मभूमि परिसर के प्रवेश द्वारों से लेकर मुख्य रास्तों तक फूलों की सजावट, आकर्षक तोरण और रंग-बिरंगी रोशनी नजर आ रही है. इस खास मौके पर देश के अलग-अलग हिस्सों के साथ विदेश से भी श्रद्धालु अयोध्या पहुंच रहे हैं.
दीपोत्सव की तैयारियों और सजावट को देखकर श्रद्धालु, संत-महात्मा और स्थानीय लोग खुशी जाहिर कर रहे हैं. बाबरी मस्जिद मामले के पूर्व पक्षकार इकबाल अंसारी ने भी अयोध्या की भव्यता की तारीफ की. उन्होंने कहा कि पूरी अयोध्या दुल्हन की तरह सजी हुई है और ऐसा लग रहा है कि मानो स्वयं भगवान राम आ रहे हों.
काठमांडू से रामनगरी पहुंचे श्रद्धालु
दीपोत्सव में शामिल होने के लिए काठमांडू से भी श्रद्धालु अयोध्या पहुंचे हैं. एक श्रद्धालु ने बताया कि वे राम मंदिर में पूजा-अर्चना करने, हनुमानगढ़ी के दर्शन करने और दीपावली के उत्सव में शामिल होने आए हैं. उन्होंने यहां की साफ-सफाई और व्यवस्थाओं की तारीफ करते हुए कहा कि अयोध्या आकर बहुत अच्छा लग रहा है.

एक अन्य श्रद्धालु ने बताया कि वे सुबह ही अयोध्या पहुंचे हैं और दीपोत्सव कार्यक्रम में शामिल होंगे. उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी पहुंच रहे हैं.
‘भगवान राम हर भारतीय के दिल में बसते हैं’
दीपोत्सव में शामिल एक महिला कलाकार ने इसे आस्था से जुड़ा उत्सव बताया. उन्होंने कहा कि भगवान राम भारत के हर निवासी के दिल में बसते हैं और उनके आगमन की खुशी में दीपोत्सव मनाया जा रहा है.

कलाकार के मुताबिक, वर्ष 2024 में इसकी शुरुआत हुई थी और सरयू नदी के तट पर आयोजित होने वाला यह दीपोत्सव बेहद सुंदर है. यहां अलग-अलग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के जरिए उत्सव की रौनक बढ़ाई जा रही है.
संत बोले- त्रेतायुग जैसा दृश्य दिखाई दे रहा है
महामंडलेश्वर विष्णु दास जी महाराज भी दीपोत्सव को लेकर बेहद खुश नजर आए. उन्होंने कहा कि जब भगवान राम लंका पर विजय हासिल कर अयोध्या लौटे थे, तब त्रेतायुग में अयोध्यावासियों ने पूरी नगरी को सजाकर दीपोत्सव मनाया था. आज भी अयोध्या में वैसा ही दृश्य दिखाई दे रहा है.
उन्होंने उपराष्ट्रपति के अयोध्या आगमन को भी सौभाग्य की बात बताया. कहा कि उन्हें भगवान राम की नगरी में सरयू, हनुमान जी और रामलला के दर्शन का अवसर मिल रहा है.
इकबाल अंसारी बोले- पूरी अयोध्या दुल्हन की तरह सजी
बाबरी मस्जिद मामले के पूर्व पक्षकार इकबाल अंसारी ने भी दीपोत्सव पर खुशी जाहिर की. उन्होंने कहा कि अयोध्या में दीपोत्सव बहुत भव्य तरीके से मनाया जाता है और इसे देखने के लिए दूर-दूर से लोग पहुंचते हैं. इस समय पूरी नगरी में खुशियों का माहौल है.
इकबाल अंसारी ने कहा कि भगवान राम के अयोध्या लौटने की खुशी में दीपावली मनाई जाती है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में आज अयोध्या में दिवाली की भव्यता देखने को मिल रही है. पूरी नगरी दुल्हन की तरह सजी हुई है.
ये भी पढ़ें- 30 लाख दीपों से जगमगाएगी अयोध्या, 2100 ड्रोन से आसमान में दिखेगी रामायण; दीपोत्सव को भव्य बनाने की तैयारियां पूरी
उन्होंने कहा कि अयोध्या का नजारा देखकर ऐसा लग रहा है, मानो स्वयं भगवान राम आ रहे हों. लोग खुशी मना रहे हैं और दूर-दूर से यहां की सजावट देखने पहुंच रहे हैं. इकबाल अंसारी ने उपराष्ट्रपति के अयोध्या आगमन का भी जिक्र किया और कहा कि लोग इस भव्य आयोजन का आनंद उठा रहे हैं.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



