Bharat Express DD Free Dish
Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital
Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital

‘अयोध्या आओ तो माफी मांगकर आओ’, दीपोत्सव में CM योगी का अखिलेश पर बड़ा हमला, बोले – रामभक्तों का अपमान करने वालों को पहले करना होगा आत्ममंथन

अयोध्या दीपोत्सव में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रामभक्तों, राम मंदिर आंदोलन और अयोध्या के विकास का जिक्र करते हुए विपक्ष पर तीखा हमला बोला. जानिए सीएम योगी ने अखिलेश यादव को लेकर क्या कहा?

अयोध्या में आयोजित 10वें दीपोत्सव कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने श्रीराम नगरी के बदलते स्वरूप को लेकर बड़ा बयान दिया. उन्होंने कहा कि आज की अयोध्या उस स्वर्णिम युग की याद दिलाती है, जब यह आध्यात्मिक और सांस्कृतिक वैभव का केंद्र हुआ करती थी. मुख्यमंत्री ने कहा कि अब अयोध्या पूरी जीवंतता के साथ अपनी पहचान वापस हासिल कर चुकी है. उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम केवल आस्था के प्रतीक नहीं हैं, बल्कि देश के आत्मसम्मान का भी प्रतिनिधित्व करते हैं. योगी ने कहा कि अयोध्या ने वह प्रतिष्ठा दोबारा प्राप्त की है, जिसके लिए संतों और कारसेवकों ने लंबे समय तक संघर्ष और बलिदान दिया. उन्होंने यह भी याद दिलाया कि एक दौर ऐसा था, जब अयोध्या में रामभक्तों को दमन का सामना करना पड़ता था और उन पर गोली तथा लाठी तक चलाई जाती थी.

अखिलेश यादव पर साधा निशाना

अपने संबोधन के दौरान सीएम योगी आदित्यनाथ ने बिना नाम लिए समाजवादी पार्टी और उसके नेतृत्व पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि कुछ लोग जब धार्मिक आयोजनों में पहुंचते हैं तो उन्हें उसकी मर्यादा और परंपरा का ज्ञान नहीं होता. वह कथा के मंच को भी अलग नजरिए से देखने लगते हैं. मुख्यमंत्री ने कहा कि कभी ऐसा माहौल बनाया जाता था कि अयोध्या में कोई न आए और खुले तौर पर जय श्रीराम का उद्घोष न करे. उन्होंने दावा किया कि जो लोग कभी भगवान राम के अस्तित्व पर सवाल उठाने वालों के साथ खड़े दिखाई देते थे, आज वही राम के अस्तित्व को स्वीकार करने को मजबूर हैं. योगी ने इसे बड़ी उपलब्धि बताया.

माफी मांगकर आएं- सीएम योगी

मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि जिन्होंने अतीत में रामभक्तों का अपमान किया, संतों के साथ दुर्व्यवहार किया और उन पर कार्रवाई करवाई, उन्हें अयोध्या जरूर आना चाहिए लेकिन पहले अपने पुराने व्यवहार के लिए क्षमा मांगनी चाहिए. उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों को रामभक्तों और संत समाज से माफी मांगकर आत्ममंथन करना चाहिए. सीएम योगी के अनुसार, अतीत की घटनाओं को स्वीकार करना और उस पर पश्चाताप करना ही सही रास्ता होगा.

अहंकार पर भी दी नसीहत

सीएम योगी आदित्यनाथ ने अपने भाषण में यह भी कहा कि प्रभु श्रीराम सभी पर कृपा करने वाले हैं और सबको क्षमा करने की क्षमता रखते हैं. हालांकि उन्होंने यह भी जोड़ा कि जब किसी सत्ता या व्यक्ति में अहंकार आ जाता है तो उसका अंत होने में देर नहीं लगती. मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान के सामने दंभ और घमंड ज्यादा देर नहीं टिकता और उसका परिणाम अंततः व्यक्ति को भुगतना पड़ता है.

12 दिसंबर को अयोध्या जाएंगे अखिलेश

सीएम योगी आदित्यनाथ का यह बयान ऐसे समय आया है, जब समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे की घोषणा हो चुकी है. कार्यक्रम के मुताबिक अखिलेश यादव 12 दिसंबर को अयोध्या पहुंचेंगे. दौरे के दौरान वह सबसे पहले हनुमानगढ़ी में दर्शन-पूजन करेंगे और इसके बाद राम मंदिर जाकर भगवान श्रीराम के दर्शन करेंगे.

ये भी पढ़ें-दिवाली से पहले यूपी में कर्मचारियों को बड़ा तोहफा, DA 63% हुआ; बोनस का भी मिलेगा फायदा

अयोध्या के विकास कार्यों का भी किया उल्लेख

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में अयोध्या में हुए बुनियादी विकास कार्यों का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि पहले लोग कल्पना भी नहीं कर सकते थे कि अयोध्या में अंतरराष्ट्रीय स्तर का हवाई अड्डा बनेगा. सीएम योगी ने कहा कि आज महर्षि वाल्मीकि के नाम पर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट संचालित हो रहा है, जो अयोध्या के बदलते स्वरूप और विकास का प्रतीक है. उनके अनुसार, बीते वर्षों में अयोध्या ने धार्मिक महत्व के साथ-साथ आधुनिक बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में भी नई पहचान बनाई है.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital