लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा अपने आवास पर कांग्रेस नेताओं के साथ की गई हालिया बैठक और ‘दीवाली मिलन’ कार्यक्रम को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है. भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने इस मुलाकात पर कड़ा कटाक्ष करते हुए राहुल गांधी पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय कार्यक्रमों की नकल करने का आरोप लगाया है.
“चाय पे चर्चा मूल रूप से नरेंद्र मोदी का कार्यक्रम है”
समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत करते हुए तेलंगाना भाजपा के अध्यक्ष रामचंद्र राव ने कहा कि देश की जनता अब राहुल गांधी के बयानों और दावों पर विश्वास नहीं कर रही है, इसके बावजूद वे बार-बार बैठकें कर झूठा नैरेटिव फैलाने का प्रयास कर रहे हैं.
उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “अब वे अपने नेताओं को ‘चाय पे चर्चा’ के लिए बुला रहे हैं, जो नरेंद्र मोदी जी से कॉपी किया गया है. ‘चाय पे चर्चा’ मूल रूप से नरेंद्र मोदी जी का ही कार्यक्रम है. और अब राहुल गांधी फिर से उसी कार्यक्रम की नकल कर रहे हैं.
उनके ही नेता दावों पर यकीन नहीं करते
भाजपा नेता ने आगे दावा किया कि कांग्रेस पार्टी के भीतर के लोग ही अब नेतृत्व द्वारा उठाए जा रहे ‘वोट चोरी’ जैसे बेबुनियाद मुद्दों और आरोपों पर भरोसा नहीं कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और नितिन नवीन समेत तमाम वरिष्ठ नेता देश भर में घूमकर जनता को सच्चाई से अवगत करा रहे हैं, यही कारण है कि तमाम विरोध के बावजूद हर चुनाव में जनता का समर्थन बीजेपी को मिल रहा है.
ये भी पढ़ें: ‘मैं धन्य हो गई…’, अमित शाह के हाथों सम्मान पाकर क्या बोलीं भिनेत्री हिमानी शिवपुरी?
कांग्रेस नेताओं की सफाई
गौरतलब है कि शुक्रवार को राहुल गांधी के आवास पर हुई इस बैठक में कांग्रेस शासित राज्यों के मुख्यमंत्री, कई सांसद और राज्य इकाइयों के प्रमुख नेता शामिल हुए थे. बैठक के बाद कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट किया था कि यह केवल एक अनौपचारिक दीवाली मिलन समारोह था और इसका कोई राजनीतिक उद्देश्य नहीं है. हालांकि, इसके बावजूद राजनीतिक गलियारों में इस मुलाकात को लेकर सरगर्मी बनी हुई है.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.





