भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने एक विशेष साक्षात्कार में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों (मुख्यमंत्री से लेकर प्रधानमंत्री पद तक के सफर) पर खुलकर अपने विचार रखे हैं. उन्होंने इस पूरे सफर को देश सेवा, त्याग और गरीबों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का स्वर्णिम काल बताया है.
गुजरात मॉडल का दिया उदाहरण
नितिन नबीन ने याद किया कि किस प्रकार जब नरेंद्र मोदी गुजरात के मुख्यमंत्री थे, तब उन्होंने राज्य को विकास का एक नया और अनूठा मॉडल दिया. उन्होंने कहा कि भुज के भयानक भूकंप जैसी बड़ी आपदा को भी उन्होंने अपनी दूरदर्शिता और प्रबंधन क्षमता से एक अवसर में बदल दिया था. ‘वाइब्रेंट गुजरात’ के जरिए उन्होंने राज्य को विकास के शिखर पर पहुंचाया.
25 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से बाहर निकाला
पिछले 12 वर्षों के केंद्रीय शासन पर प्रकाश डालते हुए बीजेपी अध्यक्ष ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में देश ने राजनीति की परिभाषा को बदला है. उन्होंने कहा कि अभी तक देश में सिर्फ ‘गरीबी हटाओ’ के नारे दिए जाते थे और असलियत में गरीबों को ही हाशिए पर धकेल दिया जाता था, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी ने 25 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से बाहर निकालकर एक ऐतिहासिक मिसाल कायम की है.
ये भी पढ़ें: पीएम मोदी के दौरे से ऐतिहासिक बनेगा NDA सरकार का एक साल, JDU अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने बताया प्लान?
वैश्विक पटल पर बढ़ता सम्मान
राष्ट्रीय सुरक्षा और देश की साख का जिक्र करते हुए नितिन नबीन ने कहा कि आज भारत की नीति और नीयत पूरी तरह बदल चुकी है. आज वैश्विक मंच पर भारत की बात को पूरी गंभीरता और ध्यान से सुना जाता है. साथ ही, डीबीटी (Direct Benefit Transfer) का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि पहले जहां दिल्ली से चलने वाले एक रुपए में से मात्र 15 पैसे ही जरूरतमंदों तक पहुंचते थे, वहीं आज पूरा का पूरा एक रुपया सीधे गरीब के बैंक खाते में पहुंचता है.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




