भाई दूज पर बंद हुए केदारनाथ धाम के कपाट
Kedarnath Dham: विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ धाम के कपाट भाई दूज के पावन अवसर पर बुधवार सुबह 8:30 बजे विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए. इसी के साथ इस साल की केदारनाथ यात्रा का भी समापन हो गया है. मंदिर के कपाट बंद होने के बाद बाबा केदार की पंचमुखी उत्सव डोली पारंपरिक रीति-रिवाजों और गाजे-बाजे के साथ अपने शीतकालीन गद्दीस्थल ऊखीमठ स्थित ओंकारेश्वर मंदिर के लिए रवाना हो गई.
कपाट बंद होने के इस पवित्र पल का गवाह बनने के लिए बड़ी संख्या में देश-विदेश से श्रद्धालु धाम में मौजूद रहे. इस दौरान पूरा केदारनाथ धाम ‘हर हर महादेव’ और बाबा केदार के जयकारों से गूंज उठा.
सभी श्रद्धालु गमगीन नजर आए
भक्तों के लिए यह क्षण बहुत ही भावुक कर देने वाला था, क्योंकि हर किसी की आंखें नम थीं और दिल में यही प्रार्थना थी कि बाबा अगले साल फिर उन्हें दर्शन देने के लिए बुलाएं.
बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने जानकारी दी कि इस बार केदारनाथ धाम ने दर्शन के मामले में नया रिकॉर्ड बनाया है. इस साल देश-वहीं दुनिया भर से 19 लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं ने बाबा केदार के दरबार में हाजिरी लगाकर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया.
वहीं मंदिर समिति के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सोहन सिंह रंगाड़ ने इस पूरी तीर्थयात्रा को बेहद भव्य और दिव्य करार दिया. पुलिस अधीक्षक निहारिका तोमर ने बताया कि सुबह के सारे पारंपरिक अनुष्ठान शांति और सुरक्षा के पुख्ता इंतजामों के बीच पूरे किए गए.
सर्दियों में बर्फ से ढंक जाता है पूरा इलाका
वहां मौजूद एक श्रद्धालु ने नम आंखों से एक न्यूज एजेंसी को बताया कि यह पल उनके लिए जिंदगी के सबसे खास और भावुक पलों में से एक है. अब अगले छह महीनों तक भगवान शिव के दर्शन उनके शीतकालीन प्रवास ऊखीमठ के ओंकारेश्वर मंदिर में ही होंगे, जहां सर्दियों के इन महीनों में उनकी नियमित पूजा-अर्चना की जाएगी.
ये भी पढ़ें- ‘सिग्नल लाल है…कुछ काम नहीं कर रहा’, असम ट्रेन हादसे से पहले का Video आया सामने
सर्दियों की दस्तक के साथ ही उत्तराखंड की मशहूर चार धाम यात्रा भी अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंच चुकी है. क्योंकि अधिक ऊंचाई पर स्थित इन तीर्थों के रास्ते बर्फबारी और ठंड के कारण कठिन हो जाते हैं. इस कड़ी में गंगोत्री धाम के कपाट पहले ही 10 नवंबर को बंद हो चुके हैं. जबकि बद्रीनाथ धाम के कपाट 13 नवंबर को बंद किए जाएंगे. जिसके साथ ही इस साल की चार धाम यात्रा का समापन हो जाएगा.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



