गुजरात के मेहसाणा जिले में स्थित ‘अनंत अनादि वडनगर पुरातात्विक अनुभवात्मक संग्रहालय’ ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का मान बढ़ाया है. जर्मनी के बर्लिन में आयोजित एक समारोह में इस संग्रहालय को दुनिया के सबसे प्रतिष्ठित डिजाइन सम्मानों में से एक ‘रेड डॉट: बेस्ट ऑफ द बेस्ट अवॉर्ड 2026’ से नवाजा गया है. इसके साथ ही यह वडनगर संग्रहालय यह गौरव हासिल करने वाला भारत का पहला और एकमात्र म्यूजियम बन गया है. गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ के जरिए इस ऐतिहासिक उपलब्धि की जानकारी साझा की.
2,500 साल पुरानी मानव सभ्यता की जीवंत झलक
मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने इस सम्मान पर खुशी जताते हुए कहा कि इस अंतरराष्ट्रीय मान्यता ने वडनगर की समृद्ध विरासत को वैश्विक डिजाइन मानचित्र पर स्थापित कर दिया है. उन्होंने वडनगर को भारत की सभ्यतागत निरंतरता का जीवंत प्रमाण बताते हुए कहा कि यह सफलता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकास भी, विरासत भी’ के विजन को साकार करती है.
वहीं, उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने भी इसे ऐतिहासिक क्षण करार देते हुए कहा कि चिरस्थायी विरासत से लेकर वैश्विक डिजाइन उत्कृष्टता तक, वडनगर लगातार नए कीर्तिमान गढ़ रहा है.
वास्तविक उत्खनन स्थल का अनूठा संगम
गौरतलब है कि करीब 12,500 वर्ग मीटर में फैले इस भव्य संग्रहालय का उद्घाटन 16 जनवरी 2025 को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने किया था. केंद्रीय संस्कृति मंत्रालय और गुजरात सरकार द्वारा संयुक्त रूप से विकसित इस प्रोजेक्ट पर लगभग 298 करोड़ रुपये की लागत आई है.
इस संग्रहालय की सबसे अनोखी बात यह है कि यह सीधे तौर पर एक वास्तविक पुरातात्विक उत्खनन स्थल से जुड़ा हुआ है, जहां पर्यटक खुदाई के प्रत्यक्ष साक्ष्य देख सकते हैं. संग्रहालय की नौ विषयगत दीर्घाओं में 5,000 से अधिक पुरातात्विक कलाकृतियां (जैसे प्राचीन सिक्के, मिट्टी के बर्तन, आभूषण, औजार, मूर्तियां और यहां तक कि प्राचीन अनाज, डीएनए नमूने व कंकाल अवशेष) सहेजे गए हैं, जो 2,500 से अधिक वर्षों से निरंतर आबाद रहे इस शहर के रहन-सहन की कहानी बयां करते हैं.
यह भी पढ़ें: अयोध्या से सीएम सम्राट चौधरी को विशेष शुभाशीर्वाद: महंत नृत्य गोपाल दास जी महाराज ने पत्र लिखकर दी जन्मदिन की बधाई
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.






