ऋषिकेश-बद्रीनाथ हाईवे पर बड़ा हादसा!
Rishikesh Bus Accident: उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल इलाके के ऋषिकेश-बद्रीनाथ हाईवे पर मंगलवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया. गूलर बाजार के पास यात्रियों से भरी एक बस बेकाबू होकर पुल से करीब 100 मीटर नीचे पानी में जा गिरी. हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. इस हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई है. अब तक 26 घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया है.
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, हादसे के वक्त बस में करीब 30 से 35 यात्री सवार थे. घटना की सूचना मिलते ही SDRF पोस्ट ब्यासी और ढालवाला की टीमें मौके पर पहुंचीं और बचाव अभियान शुरू कर दिया. स्थानीय पुलिस भी राहत कार्य में जुट गई.
#WATCH टिहरी गढ़वाल, उत्तराखंड: गुलार बाजार के पास एक पुल से लगभग 100 मीटर नीचे एक बस खाई में गिर गई। सूचना मिलने पर, ब्यासी और ढालवाला स्थित SDRF की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और बचाव कार्य शुरू किया। टिहरी की जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल और SSP श्वेता चौबे घटनास्थल के लिए रवाना हो गई हैं।
शुरुआती जानकारी के अनुसार बस में लगभग 30-35 लोग सवार थे, जिनमें से करीब 20 घायलों को सुरक्षित निकाल लिया गया है। घायलों को एम्बुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया जा रहा है। इस हादसे में चार लोगों की मौत हो गई है। बचाव कार्य अभी भी जारी है।
(सोर्स: पुलिस)
— ANI_HindiNews (@AHindinews) November 17, 2026
26 घायलों को निकाला गया
बचाव दलों ने अब तक करीब 26 घायलों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया है. सभी को एंबुलेंस की मदद से नजदीकी अस्पतालों में भेजा गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है. हादसे के बाद SDRF और पुलिस की टीमें मिलकर बाकी यात्रियों की तलाश और राहत-बचाव का काम कर रही हैं.
अतिरिक्त टीमें भी मौके पर रवाना
SDRF के सेनानायक अर्पण यदुवंशी के निर्देश पर बचाव अभियान तेज करने के लिए अतिरिक्त टीमों को भी घटनास्थल के लिए रवाना किया गया है. मौके पर भारी पुलिस बल तैनात है. फिलहाल राहत और बचाव कार्य जारी है. टिहरी की जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल और SSP श्वेता चौबे घटनास्थल के लिए रवाना हो गई हैं.
ये भी पढ़ें- फिलीपींस पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, जानें राष्ट्रपति मार्कोस के डिनर और द्विपक्षीय बैठकों का पूरा शेड्यूल
बस हादसे की वजह अभी साफ नहीं हो पाई है. पुलिस और संबंधित टीमें घटना के कारणों की जांच कर रही हैं.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.





