Bharat Express DD Free Dish
Chhath Puja 2026
Chhath Puja 2026

भारत-आसियान रिश्तों को नई ऊंचाई देने की तैयारी, पीएम मोदी बोले- प्रतिस्पर्धा नहीं, सहयोग से तय होगा भविष्य

PM Modi In Manila: मनीला में 23वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन में पीएम नरेंद्र मोदी ने भारत और आसियान के बीच सहयोग बढ़ाने पर जोर दिया. उन्होंने शांति, स्थिरता और साझा समृद्धि को भविष्य की प्राथमिकता बताया.

india-asean-relations-pm-modi-manila-summit

भारत-आसियान साझेदारी को नई दिशा देंगे पीएम मोदी

PM Modi In Manila: बदलते वैश्विक हालात और बढ़ती भू-राजनीतिक चुनौतियों के बीच भारत ने आसियान देशों के साथ अपनी साझेदारी को और मजबूत करने का संकल्प दोहराया है. फिलीपींस की राजधानी मनीला में 23वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शांति, स्थिरता और सहयोग पर जोर दिया. उन्होंने कहा कि भारत और आसियान का भविष्य प्रतिस्पर्धा से नहीं, बल्कि आपसी सहयोग से तय होना चाहिए.

भारत की एक्ट ईस्ट पॉलिसी के पिछले 12 वर्षों के सफर का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने साझा समृद्धि और सुरक्षित हिंद-प्रशांत क्षेत्र का लक्ष्य सामने रखा.

एक्ट ईस्ट पॉलिसी से मजबूत हुए रिश्ते

प्रधानमंत्री मोदी ने आसियान नेताओं के साथ जुड़ने पर खुशी जताई. उन्होंने सम्मेलन की सफल अध्यक्षता और भारत के कंट्री कोऑर्डिनेटर के रूप में योगदान के लिए फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड मार्कोस जूनियर को बधाई दी. पीएम मोदी ने बताया कि आसियान नेताओं के साथ इस प्रारूप में यह उनका तेरहवां संवाद है. उन्होंने इसे भारत और आसियान के बीच लगातार मजबूत होते रिश्तों का प्रतीक बताया.

पीएम मोदी के मुताबिक, वर्ष 2014 से भारत की एक्ट ईस्ट पॉलिसी ने आसियान के साथ संबंधों को नई दिशा दी है. दोनों पक्षों के बीच लोगों के आपसी संपर्क को बढ़ाने के लिए 100 से अधिक पहल की गई हैं. करीब 250 क्विक इम्पैक्ट प्रोजेक्ट शुरू किए गए हैं और 10 हजार से ज्यादा स्किल बिल्डिंग स्कॉलरशिप दी गई हैं. भारत और आसियान के नौ देशों के बीच सीधी उड़ानें और पर्यटन में बढ़ोतरी भी इस साझेदारी का हिस्सा हैं.

डिजिटल तकनीक से रक्षा और अंतरिक्ष तक सहयोग

भारत और आसियान के रिश्ते अब केवल साझा संस्कृति और ऐतिहासिक विरासत तक सीमित नहीं हैं. डिजिटल टेक्नोलॉजी, रक्षा और अंतरिक्ष जैसे आधुनिक क्षेत्रों में भी सहयोग बढ़ रहा है. भारत का जोर है कि दोनों पक्ष आर्थिक विकास, नई तकनीक और सुरक्षा के मोर्चे पर मिलकर आगे बढ़ें. इससे क्षेत्रीय चुनौतियों का सामना करने और साझा विकास के नए रास्ते खोलने में मदद मिल सकती है.

हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शांति और स्थिरता पर जोर

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में दुनिया कई संकटों से गुजरी है. ऐसे दौर में शांति, स्थिरता और पूर्वानुमेयता की जरूरत पहले से ज्यादा है. इस वर्ष के सम्मेलन की थीम ‘नेविगेटिंग अवर फ्यूचर, टुगेदर’ यानी मिलकर अपने भविष्य की दिशा तय करना भी इसी सोच को सामने रखती है.

पीएम मोदी ने कहा कि भारत और आसियान मिलकर दुनिया की करीब एक-चौथाई आबादी का प्रतिनिधित्व करते हैं. ऐसे में दोनों पक्षों के लिए जरूरी है कि भविष्य की दिशा प्रतिस्पर्धा के बजाय सहयोग से तय हो. उन्होंने भरोसा जताया कि भारत और आसियान मिलकर हिंद-प्रशांत क्षेत्र को शांति और स्थिरता का केंद्र बनाने में अहम भूमिका निभा सकते हैं.

विकसित भारत 2047 और आसियान विजन 2045 पर नजर

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत का विकास और आसियान देशों की समृद्धि एक-दूसरे से जुड़ी हुई है. उन्होंने आसियान कम्युनिटी विजन 2045 और विकसित भारत 2047 का जिक्र करते हुए कहा कि दोनों के लक्ष्य साझा विकास की दिशा में अहम भूमिका निभा सकते हैं.

ये भी पढ़ें- मनीला में पीएम मोदी का दूसरा दिन, क्वाड नेताओं की मीटिंग समेंत जानें कैसा है शेड्यूल?

पीएम मोदी ने आसियान की एकता और क्षेत्र में उसकी केंद्रीय भूमिका के प्रति भारत की प्रतिबद्धता भी दोहराई. उन्होंने उम्मीद जताई कि यह शिखर सम्मेलन भारत-आसियान व्यापक रणनीतिक साझेदारी को नई ऊंचाई देगा. साथ ही एक सुरक्षित, समावेशी और समृद्ध हिंद-प्रशांत क्षेत्र के निर्माण में योगदान करेगा.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read

Chhath Puja 2026