Chhath Mahaparv Celebrated In Ireland: सात समंदर पार आयरलैंड की धरती पर एक बार फिर लोकआस्था के महापर्व छठ की वही पारंपरिक रौनक और भक्ति देखने को मिली, जो बिहार और झारखंड के घाटों पर नजर आती है. रविवार, 15 नवंबर को आयरलैंड के काउंटी किलडेयर स्थित नास रेसकोर्स (Naas Racecourse) में बिहार झारखंड एसोसिएशन ऑफ आयरलैंड (BJAI) की ओर से लगातार पांचवीं बार भव्य छठ महापर्व का आयोजन किया गया. इस पावन अवसर पर 450 से अधिक लोग एकत्रित हुए, जिनमें बिहार और झारखंड के परिवारों के साथ-साथ आयरलैंड, वेनेजुएला, इटली, केन्या और नाइजीरिया के स्थानीय दोस्तों और पड़ोसियों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लेकर भारतीय संस्कृति को करीब से समझा.
भारतीय और केन्याई राजदूत ने की शिरकत, छह व्रतियों ने दिया अर्घ्य
इस सांस्कृतिक उत्सव की गरिमा तब और बढ़ गई जब आयरलैंड में भारत के राजदूत मनीष गुप्ता अपनी पत्नी निमीषा गुप्ता के साथ समारोह में पहुंचे. उनके साथ केन्या के राजदूत जॉर्ज मोरारा ओरिना भी विशेष रूप से उपस्थित रहे और छठ पूजा की परंपराओं की सराहना की.
इस साल छह छठ व्रतियों ने पूरे विधि-विधान के साथ कठिन उपवास रखा और डूबते सूर्य को संध्या अर्घ्य अर्पित किया. खास बात यह रही कि व्रतियों में बिहार-झारखंड से ताल्लुक रखने वाली अंजली गुप्ता, सीता देवी, प्रियंका, लिली और ज्योति के साथ-साथ पंजाब की मोना सूद भी शामिल रहीं, जो आपसी सौहार्द और साझा संस्कृति की खूबसूरत मिसाल पेश करता है.
भावुक कर देने वाले नाटक ने ताजा की बचपन की यादें
समारोह के दौरान प्रस्तुत किए गए एक लघु नाटक ने वहां मौजूद हर शख्स की आंखें नम कर दीं. इस नाटक में एक व्यक्ति के बचपन से लेकर बड़े होने तक छठ महापर्व से जुड़ी यादों और अनुभवों को बेहद संवेदनशील तरीके से दर्शाया गया था. विदेश की धरती पर अपने बच्चों के साथ बैठकर इस मंचन को देखना प्रवासी भारतीयों के लिए एक बेहद भावुक अनुभव रहा, जिसने उन्हें उनके गांव और घर-आंगन की याद दिला दी.
पूजा की सामग्री जुटाने से लेकर स्थल की सजावट और पूरे कार्यक्रम के सफल संचालन तक BJAI की कार्यकारिणी समिति की कड़ी मेहनत साफ नजर आई, जिसने किलडेयर में विभिन्न देशों के समुदायों को एक सूत्र में पिरोने का काम किया.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




