PHOTO CREDIT: ANI
दिल्ली के ऐतिहासिक पुराने किले में आयोजित शंघाई सहयोग संगठन (SCO) के पहले सिविलाइजेशनल डायलॉग फोरम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वैश्विक मंच को एक बेहद गहरा और सकारात्मक संदेश दिया. शुक्रवार को कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि ऐसे समय में जब दुनिया भर में युद्ध और अशांति की चर्चाएं हावी हैं, भारत सभ्यतागत संवाद और आपसी जुड़ाव की बात कर रहा है. उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि वैश्विक शांति की सबसे मजबूत गारंटी सांस्कृतिक जुड़ाव (कल्चरल कनेक्ट) ही है, और यही वजह है कि SCO सिविलाइजेशनल समिट महज एक औपचारिक या सेरेमोनियल मंच नहीं, बल्कि दुनिया को नई दिशा देने वाला माध्यम बन सकता है.
प्राचीन व्यापार मार्गों और पुरखों की विरासत को किया याद
पीएम मोदी ने कहा कि आज अंतरराष्ट्रीय सहयोग और ‘पीपल-टू-पीपल कनेक्ट’ पर खूब बातें होती हैं, लेकिन हमारे पूर्वजों ने इस सोच को सदियों पहले ही समृद्ध कर दिया था. करीब पांच हजार साल पहले सिंधु घाटी सभ्यता और मेसोपोटामिया के बीच व्यापारिक संबंध थे, जिसे आगे चलकर अन्य व्यापार मार्गों ने विस्तार दिया. भारत, चीन, मध्य एशिया और यूरेशिया के कई हिस्से इन प्राचीन रास्तों से जुड़े, जिन पर व्यापारियों के साथ विद्वानों और बौद्ध भिक्षुओं की आवाजाही से विचारों, भाषाओं और परंपराओं का आदान-प्रदान हुआ. प्रधानमंत्री ने कहा कि साम्राज्यों ने भले ही दुनिया के नक्शे बदले हों, लेकिन सभ्यतागत संवादों ने दुनिया की सोच को संवारा है.
महाभारत काल से जुड़े पुराने किले की विरासत का जिक्र
अपने संबोधन की शुरुआत में प्रधानमंत्री ने पुराने किले के ऐतिहासिक महत्व का जिक्र करते हुए कहा कि विद्वानों के अनुसार इसका इतिहास महाभारत काल तक जाता है. यहां हुए वेद मंत्रों के पाठ, बौद्ध दर्शन की प्रस्तुति और हनुमान जी की यात्रा से जुड़े सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने मानवता के लिए प्रेम और एकता का संदेश दिया है.
उन्होंने याद दिलाया कि कुछ महीने पहले ही SCO ने अपनी 25वीं वर्षगांठ मनाई है और सुरक्षा, अर्थव्यवस्था व कनेक्टिविटी के बाद अब सांस्कृतिक सहयोग सदस्य देशों के रिश्तों को भू-राजनीतिक सीमाओं से परे नई मजबूती देगा.
यह भी पढ़ें: भजनलाल से वसुंधरा तक के इलाकों में बीजेपी को झटका, पंचायत चुनाव में कांग्रेस का दबदबा
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


