अरुणाचल प्रदेश के युवाओं और सुरक्षा व्यवस्था के लिए शनिवार का दिन बेहद खास रहा. ईटानगर के पास बांदेरदेवा स्थित पुलिस प्रशिक्षण अकादमी में आयोजित समारोह के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पुलिस समेत विभिन्न पदों पर चयनित 932 नवनियुक्त कर्मियों को अपने हाथों से नियुक्ति पत्र सौंपे. इससे पहले उन्होंने अरुणाचल प्रदेश पुलिस को देश में किसी पुलिस बल को मिलने वाले सर्वोच्च सम्मान ‘प्रेसिडेंट्स पुलिस कलर’ (राष्ट्रपति पुलिस ध्वज) से भी नवाजा.
छह श्रेणियों में हुई भर्तियां
मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने सभी चयनित उम्मीदवारों को बधाई देते हुए बताया कि ये नियुक्तियां छह अलग-अलग श्रेणियों में की गई हैं. इनमें स्पेशल टाइगर प्रोटेक्शन फोर्स (STPF) के 243 कर्मी, इंडियन रिजर्व बटालियन (IRB) के 235 कांस्टेबल, सिविल पुलिस के 211 पुरुष और 157 महिला कांस्टेबल, 72 फायरमैन और अरुणाचल राइफल्स की IRB के 14 कांस्टेबल बैंड कर्मी शामिल हैं.
सीएम पेमा खांडू ने समारोह में शामिल होकर अपने हाथों से नियुक्ति पत्र बांटने के लिए गृह मंत्री अमित शाह का आभार जताया और नए कर्मियों के उज्ज्वल व सफल करियर की कामना की.
सुरक्षा तंत्र होगा मजबूत
इस मौके पर उपमुख्यमंत्री चौना मीन, राज्य के गृह मंत्री मामा नटुंग और डीजीपी राजेश कुमार भी मौजूद थे. उपमुख्यमंत्री चौना मीन ने कहा कि गृह मंत्री की मौजूदगी से कार्यक्रम की गरिमा बढ़ी और इस भर्ती से राज्य की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होने के साथ-साथ युवाओं को रोजगार के नए अवसर भी मिले हैं. उन्होंने उम्मीद जताई कि नए जवान पूरी निष्ठा और अनुशासन के साथ प्रदेश की सेवा करेंगे.
वहीं, राज्य के गृह मंत्री मामा नटुंग ने भी विश्वास जताया कि नई जिम्मेदारी हर कर्मी को साहस, अनुशासन और ईमानदारी के साथ जनता की सेवा करने की प्रेरणा देगी.
यह भी पढ़ें: ‘IIT जितना ही होगा ITI का सम्मान’, कौशल दीक्षांत समारोह में बोले पीएम मोदी
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




