Bharat Express DD Free Dish
Chhath Puja 2026
Chhath Puja 2026

बोले सो निहाल’ के जयकारों के साथ पाकिस्तान रवाना हुआ 1,822 सिख श्रद्धालुओं का जत्था, करतारपुर कॉरिडोर खोलने की उठाई मांग

श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के अवसर पर SGPC की ओर से 1,822 सिख श्रद्धालुओं का जत्था पाकिस्तान के ऐतिहासिक गुरुधामों की 10 दिवसीय यात्रा पर रवाना हुआ है. करतारपुर कॉरिडोर खोलने व वीजा सुविधा बढ़ाने की मांग उठी.

1822 Sikh Pilgrims Leaves For Pakistan From Amritsar Demands Reopening Kartarpur Corridor

Sikh Pilgrims Jatha Leaves For Pakistan: ललित कुमार: प्रथम पातशाह श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व को श्रद्धा और उत्साह से मनाने के लिए शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) की ओर से 1,822 सिख श्रद्धालुओं का जत्था पाकिस्तान स्थित ऐतिहासिक गुरुधामों के दर्शन के लिए रवाना हो गया. अमृतसर स्थित SGPC मुख्यालय तेजा सिंह समुंदरी हॉल से रवानगी के वक्त पूरा परिसर ‘बोले सो निहाल, सत श्री अकाल’ के जयकारों से गूंज उठा. इस मौके पर श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज ने विशेष रूप से पहुंचकर जत्थे की सकुशल यात्रा व चढ़दी कला के लिए अरदास की और फतेह बुलाकर श्रद्धालुओं को विदा किया.

करतारपुर कॉरिडोर खोलने की अपील

मीडिया से बातचीत में जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज ने कहा कि हर सिख अपनी रोज की अरदास में उन बिछड़े हुए पावन गुरुधामों के खुले दर्शन-दीदार की कामना करता है. उन्होंने पूरे क्षेत्र में शांति और आपसी भाईचारे की कामना करते हुए बंद पड़े श्री करतारपुर साहिब कॉरिडोर को जल्द खोलने की मांग उठाई.

उन्होंने कहा कि दोनों तरफ के पंजाब की मां बोली पंजाबी है, जो आपसी मोहब्बत की डोर है, इसलिए दिलों को जोड़ने वाला यह कॉरिडोर खुलना बेहद जरूरी है. जत्थेदार ने दोनों देशों की सरकारों से वीजा संख्या बढ़ाने, श्रद्धालुओं को ‘ऑन-अराइवल वीजा’ जैसी सरल सुविधा देने तथा श्री गुरु नानक देव जी के ज्योति जोत दिवस और श्री गुरु रामदास जी के प्रकाश पर्व (चूना मंडी, लाहौर) पर भी प्रोटोकॉल जत्थे भेजने की अनुमति देने की अपील की.

10 दिन की पावन यात्रा, ननकाना साहिब से लाहौर तक होंगे दर्शन

एसजीपीसी के अनुसार कुल 1,828 पासपोर्ट भेजे गए थे, जिनमें से पाकिस्तान दूतावास ने 1,822 श्रद्धालुओं को वीजा जारी किया, जबकि 6 आवेदन रद्द हो गए. बीबी परमिंदर कौर जत्थे की अगुवाई कर रही हैं और उनके साथ रविंदर सिंह खालसा, गुरनाम सिंह जस्सल, बीबी गुरिंदर कौर भोलूवाला व जनरल प्रबंधक लखबीर सिंह भी गए हैं.

बीबी गुरिंदर कौर भोलूवाला ने बताया कि 10 दिवसीय यात्रा के दौरान जत्था सबसे पहले श्री ननकाना साहिब में जन्म अस्थान, पट्टी साहिब व क्यारा साहिब के दर्शन करेगा. इसके बाद गुरुद्वारा सच्चा सौदा, गुरुद्वारा श्री पंजा साहिब (हसन अब्दाल), गुरुद्वारा श्री करतारपुर साहिब और अंत में लाहौर स्थित गुरुद्वारा डेरा साहिब सहित अन्य पावन स्थलों पर नतमस्तक होकर 1 दिसंबर को अटारी-वाघा सीमा से भारत लौटेगा.

श्रद्धालुओं में दिखा गजब का उत्साह

श्री दरबार साहिब के हजूरी रागी भाई प्यार अकाल सिंह ने पहली बार पाकिस्तान के गुरुधामों में कीर्तन सेवा मिलने पर खुशी जताई. वहीं बंटवारे के बाद पहली बार जा रहे लुधियाना के रमनप्रीत सिंह भोरिया ने इसे वर्षों पुरानी मुराद पूरी होना बताया. उत्तराखंड से दूसरी बार जा रहे हरजिंदर सिंह और अधिकांश श्रद्धालुओं ने एसजीपीसी की व्यवस्थाओं की सराहना की, हालांकि धारीवाल के एक जत्थे ने समय की जानकारी को लेकर मामूली असुविधा का जिक्र भी किया.

यह भी पढ़ें: दर्शन को निकले पर राह में मौत खड़ी थी! राजस्थान में हादसे में 12 लोगों की मौत

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read

UP Tourism